असम: बाढ़ के चपेट से निकला हैलाकांडी, घट रहा नदियों का जलस्तर
पिछले दिनों पूर्वोत्तर राज्यों में आए बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी।
हैलाकांडी (एएनआइ)। असम के हैलाकांडी में आए बाढ़ के हालात में सुधार है। राज्य में बाढ़ के कारण अब तक 20 लोगों की मौत हो गयी। डिप्टी कमिश्नर आदिल खान ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में काफी सुधार है। सभी तीन बड़ी नदियों में पानी खतरे के स्तर से नीचे चला गया है। कुछ दिन पहले कर्नाटक में एकाएक हुई बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात बन गए थे.
खान ने कहा, ‘हालात में काफी सुधार हुआ है। चार में से तीन सर्किल पानी से बाहर हैं। तीन लाख में से केवल 60,000 लोग अभी भी प्रभावित हैं। लोग अपने घर वापस लौट रहे हैं इसलिए अब 145 में से केवल 31 राहत शिविरों में ही लोग हैं।‘ हालांकि हैलाकांडी के अल्गापुर जिले के हालात में सुधार नहीं है।
खान ने आगे बताया कि हमने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। सार्वजनिक कार्य विभाग की ओर से सड़कों को हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा। वहीं जल स्रोत विभाग तटबंधों और रेवेन्यू स्टाफ मकानों को हुए नुकसान का आकलन करेंगे। हम जल्द से जल्द लोगों के पुनर्वास की कोशिश करेंगे। पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों को हाल ही में आए बारिश, भूस्खलन और बाढ़ के कहर ने बर्बाद कर दिया।