Move to Jagran APP

भारी बारिश से मध्य प्रदेश-असम बेहाल, उत्तराखंड पर अगले 24 घंटे भारी

असम और मध्य प्रदेश बाढ़ से बेहाल हैं। भारी बारिश से जनजीवन पर असर पड़ा है।

By Lalit RaiEdited By: Published: Mon, 18 Jul 2016 06:36 AM (IST)Updated: Mon, 18 Jul 2016 08:26 AM (IST)
भारी बारिश से मध्य प्रदेश-असम बेहाल, उत्तराखंड पर अगले 24 घंटे भारी

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश और असम में बाढ़ का कहर जारी है। रविवार को मरने वालों की संख्या बढ़ कर 17 हो गयी है। उत्तर-पश्चिम मानसून के जोधपुर पार कर जाने के साथ ही राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुयी है। उत्तराखंड में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

loksabha election banner


महाराष्ट्र, गोवा, तेलंगाना, कर्नाटक के उत्तरी भीतरी भाग और केरल में मानसून लगातार सक्रिय है। जबकि राष्ट्रीय राजधानी में बारिश नहीं हुयी है जिसके कारण उमस का असर रहा और अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पिछले 24 घंटों में मध्य प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ आने के कारण सात लोगों की मौत हो गयी है। रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश से जुड़ी घटनाओं में आठ लोगों के मरने की पुष्टि की थी।

मौसम विभाग भोपाल के निदेशक अनुपम काश्यपी ने बताया कि इंदौर, उज्जैन और होशंगाबाद संभागों के अलावा राज्य की राजधानी के कुछ हिस्सों में कल भारी से भारी बारिश होने की संभावना है। केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने चौहान से बातचीत की है और उन्हें राहत और बचाव अभियानों में सभी मदद देने का आश्वासन दिया है।

असम में बाढ़ से हाल बेहाल

असम में मोरीगांव जिले में स्थित पोबितोरा वन्यजीव अभयारण्य में ब्रह्मपुत्र नदी के पानी से 60 प्रतिशत भर गया है और दुनिया के सबसे घनी आबादी वाले ग्रेट इंडियन एक सिंह वाले गैंडों की रिहायश वाले जगह के लगभग 50 प्रतिशत बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है।

असम में कल दो व्यक्ति पानी में बह गये। लखीमपुर, गोलाघाट, मोरीगांव, बारपेटा और जोरहाट जिलों में 1.35 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुये हैं। मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनेवाल ने बाढ़ के हालात की समीक्षा की।

झारखंड, उड़ीसा भी प्रभावित

झारखंड और उत्तरी ओडिशा के पड़ोसी इलाकों के उपर कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। राज्य में मौसम कार्यालय ने बताया कि दक्षिण पश्चिम दिशा से 45-55 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज सतही हवा चली और ओडिशा तट के नजदीक और इससे दूर इसकी रफ्तार 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक चली गयी। मौसम के खराब हालात को देखते हुये मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गयी है।

हालांकि, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में उल्लेखनीय बारिश नहीं हुयी है जिसके कारण पिछले कुछ दिनों से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। पंजाब और हरियाणा दोनों राज्यों में हिसार सबसे गर्म स्थान रहा और यहां का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।राजस्थान में आज सुबह साढ़े आठ बजे तक समाप्त हुये पिछले 24 घंटों में कम से कम तीन स्थानों पर 10 सेंटीमीटर से अधिक बारिश हुयी है।

हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुयी है और आने वाले सप्ताह में और बारिश होने का अनुमान है। कल से जुबार हट्टी में 21 मिलीमीटर और धर्मशाला में 18 मिलीमीटर बारिश हुयी है।

पश्चिम बंगाल में रविवार को दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया और राज्य के कई इलाकों में हल्की से लेकर भारी बारिश हुयी है। कोलकाता का तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और आसमान में बादल छाये रहे। यहां पर 8.9 मिलीमीटर बारिश हुयी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.