नेताओं को ब्लैकमेल करनेवाली महिला के 'हनी ट्रैप' का ये था पहला शिकार
ब्लैकमेलिंग के जरिए हाई प्रोफाइल लोगों फंसा कर करोड़ों रूपये ऐंठ चुकी यह महिला पूरे गैंग के साथ वारदात को अंजाम तक पहुंचाती थी।
नई दिल्ली, [स्पेशल डेस्क]। हाल में भारतीय जनता पार्टी के सांसद को हनी ट्रैप का शिकार बनाने के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ी महिला के कारनामों पर रोज एक नया खुलासा हो रहा है। अब तक जहां पुलिस जांच में पता चला है कि भाजपा नेता के अलावा उत्तराखंड के पूर्व मंत्री और हरियाणा कांग्रेस के राज्यसभा सांसद को यह महिला अपना शिकार बना चुकी है तो वहीं दूसरी तरफ पुलिस लगातार पूरे मामले की बेहद संजीदगी से तफ्तीश करने में रात दिन जुटी हुई है।
पुलिस के मुताबिक, अब तक ब्लैकमेलिंग के जरिए हाई प्रोफाइल लोगों फंसा कर करोड़ों रूपये ऐंठ चुकी यह महिला पूरे गैंग के साथ वारदात को अंजाम तक पहुंचाती थी और बकायदा गुंडों से धमकी तक दिलाने से भी बाज नहीं आती थी।
हनी ट्रैप का शिकार बना यूपी का सिपाही
पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि यह शातिर महिला उत्तर प्रदेश के एक सिपाही को भी अपने 'हनी ट्रैप' के मायावी जाल में फंसाया था। ये घटना साल 1993 के अगस्त महीने की है। इस महिला ने मुजफ्फरनगर के एक थाने में सुभाष नाम के एक सिपाही के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। लेकिन, बाद में यह महिला उस सिपाही से 70 हजार रूपये ऐंठने के बाद कोर्ट में अपने दिए बयान से साफ मुकर गई थी। इस बात की पुष्टि दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त मुकेश कुमार मीणा ने की है।
'हनी ट्रैप' केस की जांच कर रही पुलिस सिपाही सुभाष को भी हनी ट्रैप केस की तफ्तीश में जोड़ने जा रही है ताकि उससे महिला की करतूतों का कुछ और खुलासा हो सके। पुलिस इस बात की भी जांच करने में लगी है कि हनी ट्रैप में सुभाष पहला शिकार बना था या फिर उससे पहले भी इसने किसी को अपना शिकार बनाया था।
अब तक 4 केसों से उठा पर्दा
इस महिला के 'हनी ट्रैप' जाल से पर्दा उठाती पुलिस की छानबीन में फिलहाल चार मामलों से पर्दा उठा है। लेकिन, पुलिस की जांच में जो सबसे बड़ी बात पता लगी है वह यही कि लोग समाज के लोकलाज के डर से पुलिस में शिकायत करने नहीं जाते थे। जिसके चलते लगातार 'हनी ट्रैप' का यह खेल फलता फूलता रहा।
महिला के घर से मिली 360 घंटे की रिकॉर्डिंग
पुलिस ने जब आरोपी महिला के इंदिरापुरम स्थिर उसके घर पर छापा मारा तो ऐसी कई चीजें बरामद हुई है जो महिला की काली करतूतों को उजागर करने में काफी मददगार साबित हो सकती है। पुलिस ने महिला के घर से 500 जीबी का डीवीआर बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि इस डीवीआर में कुल 360 घंटे की रिकॉर्डिंग है। ऐसा माना जा रहा है कि इस रिकॉर्डिंग में कई नेताओं और अन्य हाई प्रोफाइल लोगों की तस्वीरें कैद हो सकती है।
भाजपा सांसद को करियर बर्बाद करने की धमकी
यह महिला उस वक्त पुलिस के हत्थे चढ़ी जब गुजरात के भाजपा सांसद को अपने हनी ट्रैप में लेने और अश्लील सीडी तैयार करने के बाद पांच करोड़ रूपये की मांग कर रही थी। पैसे नहीं देने पर फंसाने की सांसद को फंसाने और राजनीतिक करियर बर्बाद करने की धमकी दी जा रही थी। जिसके बाद भाजपा सांसद ने पुलिस में शिकायत करते हुए कहा कि वह उस आरोपी महिला के हनी ट्रैप का शिकार हुए हैं।
पुलिस ने पूरे मामले की जब छानबीन की तो पता चला की कई और थानों में महिला ने दूसरे लोगों के खिलाफ इसी तरह का केस दर्ज करवा रखा है। अब पुलिस की तरफ से सभी थानों को निर्देश दिया गया है कि अगर इस महिला की तरफ से कोई भी केस दर्ज हो तो उस बारे में फौरन बताया जाए ताकि नए सिरे से उसकी पड़ताल की जा सके।
यह भी पढ़ें: जानिए, 36 हजार अन्नदाताओं की मौत का आखिर कौन है कसूरवार