बेहद खास हैं ये तीन प्रेम कहानियां, अब बनने जा रहे हैं जीवनभर के साथी
जीवनभर बिना साथी के रहने का दर्द किन्न्रों के जीवन की भी सच्चाई है लेकिन अब वक्त बदल रहा है। इन्हें संवैधानिक तौर पर एक पहचान मिल चुकी है और अब इनके समाजीकरण का काम तेजी से हो रहा है।
रायपुर, जेएनएन। दुर्ग में रहने वाली सोनाली देवी और अजय वैरागी एक आम कपल की तरह अक्सर साथ नजर आते हैं। इनकी एक पांच साल की बेटी भी है, जो दुर्ग के एक बड़े पब्लिक स्कूल में पढ़ रही है। दोनों अपनी बेटी के साथ बेहद खुश हैं और अपनी छोटी सी दुनिया को खुशियों से सजा रहे हैं, लेकिन एक दिक्कत है। दोनों की शादी नहीं हुई और वे लीव इन रिलेशन में रहते हैं। इसकी वजह यह है कि सोनाली किन्न्र समुदाय से हैं, लेकिन अब सोनाली और अजय की जिंदगी में एक बड़ा दिन आ रहा है। दोनों की शादी होने जा रही है और अब यह जोड़ा एक गृहस्थ के रूप में सामाजिक मान्यता हासिल कर सकेगा।
युं तो शादी हर किसी की होती है, नहीं...ऐसा नहीं है, कुछ लोगों की नहीं भी होती। जिनकी नहीं होती, उनसे कभी शादी न होने या जीवन में किसी साथी के न होने का दर्द पूछा है। जीवनभर बिना साथी के रहने का दर्द किन्न्रों के जीवन की भी सच्चाई है, लेकिन अब वक्त बदल रहा है। इन्हें संवैधानिक तौर पर एक पहचान मिल चुकी है और अब इनके समाजीकरण का काम तेजी से हो रहा है। समाज आगे बढ़कर किन्न्र समुदाय को स्वीकार कर रहा है और ये भी अपने मनोबल के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इन्हीं के बीच से ये तीन प्रेम कहानियां भी सामने आई हैं जो अब किन्न्रों को पारिवारिक व गृहस्थ संस्कार से जोड़ेंगी। अजय और सोनाली की तरह ही कुछ और जोड़े भी हैं जो सामाजिक वर्जनाओं को तोड़कर दुनिया में पहली बार एक सामूहिक विवाह समारोह के दौरान एक दूसरे के साथ परिणय सूत्र में बंधने जा रहे हैं। यह सामूहिक विवाह 30 मार्च को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होने जा रहा है।
अजय और सोनाली की मुलाकात आज से 10 साल पहले हुई थी। पहली मुलाकात में ही दोनों को एक-दूसरे का साथ अच्छा लगा। दोनों को महसूस हुआ कि इस रिश्ते में कुछ खास बात है। अजय मूल रूप से मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। सोनाली से प्यार होने के बाद उन्होंने यहीं दुर्ग में बसने और साथ रहने का फैसला किया। इसके बाद से दोनों लीव इन रिलेशनशिप में रहने लगे। पांच साल पहले दोनों ने एक नवजात बच्ची को गोद लिया था जो अब पांच साल की हो चुकी है। अजय और सोनाली एक-दूसरे के साथ-साथ अपनी बेटी से भी बेहद प्यार करते हैं। दोनों उसे अच्छी शिक्षा और संस्कार दे रहे हैं। अजय और सोनाली दोनों का कहना है कि इस शादी को लेकर वे काफी खुश हैं और चाहते हैं कि समाज भी उन्हें एक आम दंपति के नजरिए है भविष्य में देखे।
फेसबुक पर हुई दोस्ती, प्यार और अब करेंगे शादी
रायगढ़ की रहने वाली रचना भारती (पिंकी) और सतनाम सिंह की स्टोरी किसी फिल्मी स्टोरी से कम नहीं है। रचना बताती हैं, जब वे समझने लायक हुईं और उन्हें पता चला कि वे एक किन्न्र हैं, इस बात का उन्हें काफी दुख था, लेकिन जिंदगी कहां किसी की रुकती है। लगभग चार साल पहले उनकी जिंदगी में फेसबुक के माध्यम से सतनाम सिंह की एंट्री हुई। फेसबुक के बाद दोनों ने कॉल पर बात की और फिर दोनों एक-दूसरे की बातों में खो गए। प्यार की गाड़ी चल पड़ी और इसी के साथ दोनों ने साथ रहने का फैसला किया। दोनों फिलहाल लीव इन रिलेशन में रह रहे हैं। अर्चना कहती हैं कि हम लकी हैं जो हमें सच्चा प्यार मिला है, लेकिन बिना शादी साथ रहने की वजह से समाज में एक असुरक्षा महसूस होती है। शादी हो जाने के बाद हम भी पति-पत्नी की तरह गर्व से रह सकेंगे। ये दोनों भी 30 मई को शादी के पवित्र रिश्ते में बंधने जा रहे हैं।
गए थे फिल्म देखने और दे आए दिल...
राखी और सूरज पांडेय लगभग दो साल पहले थियेटर में फिल्म देखने गए थे। राखी अपनी सहेलियों के साथ थीं और सूरज दोस्तों के साथ। इसी बीच दोनों की नजरें मिलीं और प्यार हो गया। कुछ देर में दोनों के बीच बातें भी शुरू हो गईं। इसके बाद ये सिलसिला चल पड़ा। समय के साथ दोस्ती ने प्यार का रूप ले लिया और अब वे एक-दूसरे के बेहद करीब हैं। राखी कहती हैं, हम दोनों में प्यार है और एक-दूसरे को अपना नाम देना चाहते थे, लेकिन शादी संभव नहीं हो पा रही थी। इससे बिछड़ जाने का डर लगा रहता था। अब शादी होने जा रही है और यह जीवन का एक बड़ा सुखद पल होगा।