जानिए, बिग बी को क्या भेंट करेंगी केबीसी में एक करोड़ जीतने वाली बिनीता जैन
दो अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के दिन दिखाया जाएगा केबीसी का यह एपिसोड।
नई दिल्ली (जेएनएन)। टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) के दसवें संस्करण की पहली करोड़पति विजेता बिनीता जैन अमिताभ बच्चन यानी बिग बी को असम का परंपरागत गमोशा (अंगोछा या गमछा) भेंट करेंगी। हालांकि उन्होंने इस बारे में कोई भी जानकारी देने से इनकार किया है लेकिन उनके एक करीबी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि केबीसी के होस्ट और सदी के महानायक बिग बी को भेंट देने की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
एक करोड़ जीतने वाली पांचवीं महिला
केबीसी के इतिहास में बिनीता जैन पांचवीं महिला होंगी जो 14 सवालों का सही जवाब देकर एक करोड़ रुपये जीतने जा रही हैं। हालांकि अभी यह मालूम नहीं है कि उन्होंने सात करोड़ के लिए पंद्रहवें सवाल का जवाब दिया है या नहीं। इसके लिए दर्शकों को 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन तक एपिसोड का इंतजार करना होगा। केबीसी के इस सीजन में भागलपुर के टिकट परीक्षक सोमेश कुमार चौधरी और गुजरात के ग्राफिक डिजाइनर संदीप सावलिया सबसे ज्यादा 25-25 लाख रुपये जीत चुके हैं।
पेशे से टीचर हैं बिनीता
असम के गुवाहाटी की रहने वाली बिनीता जैन पेशे से टीचर हैं। दो बच्चों की मां बिनीता से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि केबीसी की शर्त के अनुसार वह कोई जानकारी नहीं दे सकती हैं। जो भी बात होगी वह 2 अक्टूबर के बाद होगी। गुवाहाटी के अष्टगांव में रॉयल एनक्लेव की रहवासी बिनीता से पहले चार महिलाएं केबीसी में एक-एक करोड़ रुपये जीत चुकी हैं।
केबीसी-9 में जमशेदपुर की अनामिका बनी थी करोड़पति
इससे पहले केबीसी-9 में झारखंड के जमशेदपुर की रहने वाली अनामिका मजूमदार 14 सवालों के सही जवाब देकर करोड़पति बनी थी। झारखंड के ही गिरीडीह की रहने वाली तस्नीम राहत ने केबीसी-4 में एक करोड़ रुपये जीते थे। इसके बाद केबीसी-7 में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की फिरोज फातिमा और केबीसी-8 में मुंबई के उपनगरीय इलाके वसई की रहने वाली मेघा पाटिल इस गेम शो की करोड़पति बनी थी।
वर्ष 2000 में शुरू हुआ था केबीसी
यह लोकप्रिय गेम शो वर्ष 2000 में शुरू हुआ था और इसे अमिताभ बच्चन ने होस्ट किया था। इसमें मुंबई के हर्षवर्धन नवाथे एक करोड़ रुपये जीतने वाले पहले शख्स बने थे। केबीसी का दूसरा संस्करण चार साल बाद 2005 में आयोजित किया गया। दो संस्करणों में होस्ट के रूप में बिग बी नजर आए लेकिन 2007 में तीसरे संस्करण को शाहरुख खान ने होस्ट किया था। इसके बाद 2010 में चौथे संस्करण में बिग बी की वापसी हुई और उसके बाद से वही इसे होस्ट कर रहे हैं।