अखनूर में पाक की तरफ से फायरिंग, भारतीय सेना ने भी की जवाबी फायरिंग
भारतीय सेना ने भी पाकिस्तान को करारा जवाब दिया। वहीं सीमा पर तनाव से कई क्षेत्रों में लोगों का पलायन जारी है।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। पाकिस्तान अपनी आदत से बाज नहीं आ रहा है। गुलाम कश्मीर में आतंकी कैंपों पर सर्जिकल स्ट्राइक के बाद अखनूर सेक्टर को पाकिस्तान लगातार निशाना बना रहा है। शनिवार रात साढ़े नौ बजे से तड़के साढ़े चार बजे तक चली गोलीबारी के बाद फिर पाकिस्तान की तरफ से रविवार को भी अखनूर में फायरिंग की गई। भारतीय सेना ने भी पाकिस्तान को करारा जवाब दिया।
बता दें कि शनिवार को रात्रि साढ़े नौ बजे से तड़के साढ़े चार बजे तक अखनूर के सात गांवों और सुरक्षा चौकियों पर गोलीबारी होती रही। वहीं सीमा पर तनाव से कई क्षेत्रों में लोगों का पलायन जारी है।
अखनूर के प्लांवाला के सीमांत सामुआ, गिगरियाल, छन्नी दिवानो, पलातन, मिले दी खुई, चपरियाल व बटल के अलावा दर्जनों सुरक्षा चौकियों पर पूरी रात रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही। सीमा पर दहशत से जम्मू सूबे के कठुआ, सांबा व जम्मू जिलों में प्रभावित लोगों की संख्या एक लाख से ज्यादा हो गई है। सीमा से सटे गांवों के लोगों का सुरक्षित स्थानों पर जाने का सिलसिला जारी है। इनमें कई ऐसे लोग भी हैं जो दिन में घर चले जाते हैं व रात कैंप में बिताते हैं।
सूत्रों के अनुसार खौड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की एक बटालियन भेजी गई है। रविवार को भी सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने अखनूर का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की। अखनूर के नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी से उपजे हालात का भी जायजा लिया गया।
सर्जिकल स्ट्राइक से चिढ़ा पाक, विदेशी मीडिया को लेकर गया POK