छत्तीसगढ़ में आय से अधिक संपत्ति के मामले में 13 अफसरों पर एफआइआर
ईओडब्ल्यू ने 20 दागी अफसरों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अधिकांश मामलों में अज्ञात शिकायतकर्ता के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
नई दुनिया, रायपुर। छत्तीसगढ़ के दागी अफसरों के खिलाफ आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने कार्रवाई शुरू कर दी है। ईओडब्ल्यू ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में प्रदेश के 13 अधिकारियों के खिलाफ सीधे एफआइआर दर्ज की है।
इसमें बस्तर, बिलासपुर और रायपुर के अलग-अलग विभागों के अधिकारी शामिल हैं। इससे पहले ईओडब्ल्यू ने 20 दागी अफसरों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अधिकांश मामलों में अज्ञात शिकायतकर्ता के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
ईओडब्ल्यू के अधिकारियों ने बताया कि शिकायतों की पड़ताल के बाद एफआइआर दर्ज की गई है। इसमें कोंडागांव के अरुण प्रताप सिंह अनुविभागीय अधिकारी जलसंसाधन विभाग, परसोदकर उपयंत्री जलसंसाधन विभाग, पदम पांडेय डिप्टी रेंजर, सुकमा के रेंजर अजय कांवरे, उदयपुर के हेमचंद मकवाना अनुविभागीय अधिकारी जलसंसाधन विभाग, बिलासपुर के आभा तंबोली और अचला तंबोली, डभरा की नीलम टोप्पो तहसीलदार, रायपुर के अशोक तिवारी, पंकज वर्मा और राजेश तिवारी समाज कल्याण विभाग के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है।
सभी अधिकारियों की संपत्ति की जांच पूरी कर ली गई है। अब जल्द ही कोर्ट में चालान पेश किया जाएगा। ईओडब्ल्यू के एडीजी मुकेश गुप्ता ने एफआइआर दर्ज करने की पुष्टि की है।