यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 23, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
घुसपैठ का सुबूत सामने आया, बीएसएफ ने जारी किया वीडियो
इसका बदला लेने के लिए पाक रेंजर ने स्नाइपर राइफल से गुरनाम सिंह को गोली मार दी। इसके बाद बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई में सात रेंजर मारे गए।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली । सात पाकिस्तानी रेंजरों को मार गिराने की कार्रवाई का औचित्य बताने के लिए बीएसएफ ने घुसपैठ का वीडियो जारी किया है। वीडियो में बुधवार और गुरुवार की रात को पाकिस्तान रेंजर के पोस्ट के पास से आतंकी घुसपैठ की कोशिश करते दिख रहे हैं। लेकिन शहीद गुरनाम सिंह की मुस्तैदी से आतंकी कामयाब नहीं हो सके और एक आतंकी भी मारा गया।
इसका बदला लेने के लिए पाक रेंजर ने स्नाइपर राइफल से गुरनाम सिंह को गोली मार दी। इसके बाद बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई में सात रेंजर मारे गए। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बीएसएफ के महानिदेशक केके शर्मा को बुलाकर हालात की जानकारी ली।
कैमरे में कैद थर्मल इमेज वीडियो में आतंकी बीएसएफ चौकियों पर गोलियां और बम बरसा रहे हैं और बीएसएफ उसका माकूल जवाब दे रही है। हथियारबंद घुसपैठिये सीमा पर लगी बाड़ के 150 मीटर तक आ जाते हैं। दोनों ओर से 20 से 25 मिनट तक फायरिंग हुई और आतंकियों को वापस भागना पड़ा। बीएसएफ की चौकसी के कारण घुसपैठ टल गई।
BSF ने ढेर किए 7 पाक रेंजर, पाकिस्तान बोला नहीं मारा गया कोई भी जवान
पाकिस्तानी रेंजरों को यह पता चल गया कि गुरनाम सिंह के कारण ही आतंकियों की घुसपैठ नाकाम रही है। 21 अक्टूबर को सुबह 9.45 बजे रेंजर्स ने बदला लेने लिए स्नाइपर रायफल्स से उस पर फायर किया। इस रायफल से काफी दूर से सटीक निशाना साधा जा सकता है। गोली सीधे निशाने पर गुरनाम सिंह को लगी। गुरनाम सिंह की हालत शनिवार रात तक नाजुक बनी रही। इसके बाद उनका निधन हो गया। गुरनाम के घायल होने के बाद बीएसएफ ने जवाबी कार्रवाई की जिसमें सात पाकिस्तानी रेंजर्स मारे गए।
