यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 29, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'पहलगाम हमले पर हर कोई चाहता है जवाबी कार्रवाई', शशि थरूर बोले- ऐसे कृत्य करके आतंकी बच नहीं सकते
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सोमवार को कहा कि हर कोई पहलगाम आतंकवादी हमले पर जवाबी कार्रवाई का इंतजार कर ...और पढ़ें

HighLights
- कांग्रेस सांसद ने कहा, इसके लिए जवाबदेही बाद में तय की जा सकती है
- शशि थरूर ने कहा, अगर जवाब नहीं दिया गया तो ऐसी घटनाएं होती रहेंगी
पीटीआई, तिरुअनंतपुरम। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने सोमवार को कहा कि हर कोई पहलगाम आतंकवादी हमले पर जवाबी कार्रवाई का इंतजार कर रहा है और इस जघन्य हत्या की जवाबदेही बाद में तय की जा सकती है।
हमले का इसका जवाब दिया जाना चाहिए- थरूर
उन्होंने कहा कि मेरे विचार से, इसका जवाब दिया जाना चाहिए और उस जवाब में एक संदेश होना चाहिए। यदि आप ऐसे कृत्य करते हैं, तो बच नहीं सकते है और वह युग समाप्त हो चुका है। इसकी कीमत चुकानी होगी और कल कीमत और भी अधिक होगी।
कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य ने एक सवाल के जवाब में कहा कि अगर यह संदेश नहीं दिया गया तो ऐसी घटनाएं होती रहेंगी। थरूर का यह बयान पहलगाम आतंकवादी हमले पर उनकी टिप्पणी को लेकर कांग्रेस में उठे विवाद के बीच आया है।
कांग्रेस नेता उदित राज ने थरूर पर साधा निशाना
इस टिप्पणी में उन्होंने कहा था कि कुछ विफलता हुई है, लेकिन किसी भी देश के पास कभी भी पूर्णतया 100 प्रतिशत खुफिया जानकारी नहीं हो सकती। इससे पहले कांग्रेस नेता उदित राज ने थरूर की टिप्पणी पर निशाना साधते हुए कहा कि एक कांग्रेसी होने के नाते उन्हें पूछना चाहिए कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पाकिस्तान को कब सबक सिखाएंगे।
इस पर थरूर ने कहा कि क्या यह पहलगाम हमले में सरकार की जवाबदेही तय करने का समय है या फिर मौजूदा संकट से उबरने के बाद इस पर विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, हम सभी जवाबी कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
थरूर ने इजरायल का दिया उदाहरण
उन्होंने इजरायल में हमास के हमले के बाद सभी राजनीतिक दलों द्वारा सरकार को दिए गए समर्थन का हवाला देते हुए थरूर ने कहा कि हालांकि जनता की राय उनके प्रधानमंत्री के खिलाफ है, लेकिन वे युद्ध खत्म होने तक उनका इस्तीफा नहीं मांग रहे हैं। थरूर ने कहा कि मैं भी यही कह रहा हूं। जवाबदेही होनी चाहिए। लेकिन अभी उस चर्चा का समय नहीं है।
