विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भोपाल की सड़कों पर टहलना भी असुरक्षित: हर दूसरे दिन लूट-झपटमारी, सामान गंवाने पर पीड़ित को ही कसूरवार ठहराती है पुलिस

Published: Fri, 13 Nov 2026 07:31 AM (IST)

भोपाल में औसतन हर दूसरे दिन लूट या झपटमारी की एक वारदात हो रही है। इस साल दस महीनों में ...और पढ़ें

भोपाल की सड़कों पर टहलना भी असुरक्षित: हर दूसरे दिन लूट-झपटमारी (सांकेतिक तस्वीर)

भोपाल की सड़कों पर टहलना भी असुरक्षित: हर दूसरे दिन लूट-झपटमारी (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. भोपाल में लूट और झपटमारी की वारदातें बीते वर्षों के मुकाबले दोगुनी, दस महीने में आंकड़ा 160 के पार

  2. शहर के चुनिंदा इलाकों में ही आधी घटनाएं सालों से एक ही अंदाज में वारदात कर रहे बदमाश

  3. बिना नंबर प्लेट की बाइक से देते हैं घटनाओं को अंजाम, पुलिस की कार्रवाई अब भी गश्त तक सीमित 

जेएनएन, भोपाल। राजधानी की सड़कों पर अब पैदल निकलना भी सुरक्षित नहीं रह गया है। सुबह-शाम टहलने निकले बुजुर्ग हों, मोबाइल पर बात करते युवक-युवतियां या बाजार से घर लौट रहीं महिलाएं, सभी झपटमारों के निशाने पर हैं। बाइक सवार बदमाश मौका मिलते ही हाथ से मोबाइल, गले से चेन या पर्स झपटकर फरार हो जाते हैं।

भोपाल में औसतन हर दूसरे दिन लूट या झपटमारी की एक वारदात हो रही है। इस साल दस महीनों में ही इन घटनाओं का आंकड़ा 160 के पार पहुंच चुका है। इन वारदातों से भी ज्यादा परेशान करने वाली बात पुलिस का रवैया है।

पीड़ित शिकायत लेकर पहुंचता है तो बदमाशों की तलाश और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने के बजाय कई बार उसे ही नसीहत मिलने लगती है। सड़क पर मोबाइल लेकर चलने की जरूरत क्या थी? बात करते समय सावधानी क्यों नहीं रखी? यानी वारदात करने वाले बदमाशों के बजाय पीड़ित की लापरवाही पर सवाल।

प्रश्न यह है कि क्या राजधानी की सड़कों पर सुरक्षित चलने के लिए लोगों को मोबाइल और कीमती सामान घर पर छोड़ना होगा? लूट और झपटमारी की घटनाओं का ग्राफ बीते वर्षों के मुकाबले करीब दोगुना हो चुका है, लेकिन पुलिस की रणनीति में इसका असर नहीं दिखता।

वारदात के बाद एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी जाती है, लेकिन लगातार निशाने पर बने इलाकों में बदमाशों की धरपकड़ और घटनाओं की रोकथाम के लिए ठोस कार्रवाई नजर नहीं आती।

50 प्रतिशत वारदातें चुनिंदा इलाकों में, फिर भी नहीं बदली रणनीति

शहर में मोबाइल, चेन और पर्स झपटमारी की करीब आधी वारदातें कुछ गिने-चुने इलाकों में हो रही हैं। इनमें पिपलानी का इंद्रपुरी और सोनागिरी, बागसेवनिया, मिसरोद, अयोध्यानगर, हबीबगंज और टीटी नगर प्रमुख हैं। इन क्षेत्रों में बदमाश लगातार लोगों को निशाना बना रहे हैं। यानी वारदातों के हाटस्पॉट पुलिस के सामने हैं और अपराध का तरीका भी नया नहीं है।

इसके बावजूद इन इलाकों में प्रभावी निगरानी, संदिग्ध बाइक सवारों की धरपकड़ और नियमित पुलिस मौजूदगी सुनिश्चित नहीं हो पा रही है। जब आधी वारदातें कुछ तय इलाकों में हो रही हैं, तो वहां अपराध रोकने के लिए विशेष रणनीति क्यों नहीं बनाई जा रही?

बिना नंबर प्लेट की बाइक, वही पुराना तरीका

पुलिस हर बार वारदात के बाद जागती है मोबाइल, चेन और पर्स झपटमारी का तरीका सालों से नहीं बदला है। बदमाश बिना नंबर प्लेट या नंबर छिपाकर बाइक से घूमते हैं। सड़क पर अकेले चल रहे बुजुर्ग, मोबाइल पर बात कर रहे युवक-युवतियां और सुनसान रास्तों से गुजरने वाले लोग उनके आसान निशाने होते हैं।

बदमाश पहले दूर से रेकी करते हैं, फिर बाइक करीब लाकर झपट्टा मारते हैं और पलक झपकते ही फरार हो जाते हैं। कई बार पीड़ित को संभलने या शोर मचाने तक का मौका नहीं मिलता।

सड़क पर मोबाइल चलाना खतरा, लेकिन बदमाशों को खुली छूट क्यों?

पुलिस लोगों को मोबाइल और कीमती सामान संभालकर रखने की सलाह देकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान लेती है। सतर्कता जरूरी है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि सड़क पर मोबाइल पर बात करना अपराधियों को लूट की छूट दे देता है।

नागरिकों को सावधान रहने की नसीहत देने वाली पुलिस यह भी बताए कि बिना नंबर प्लेट की बाइक से घूम रहे बदमाशों पर कार्रवाई क्यों नहीं होती और तय हाटस्पॉट पर वारदातें क्यों नहीं रुक रहीं?

शहर में लूट और झपटमारी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध बाइक सवारों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुराने अपराधियों पर भी नजर रखी जा रही है। संजय कुमार, पुलिस कमिश्नर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।