हाथी का बच्चा 'राजा' की टूटी हड्डी, विशेष इलाज के लिए अनंत अंबानी के 'वनतारा' हुआ एयरलिफ्ट
सात माह के हाथी के बच्चे 'राजा' को जांघ की हड्डी टूटने और अन्य गंभीर समस्याओं के कारण असम से जामनगर स्थित वनतारा एयरलिफ्ट किया गया है।

हाथी का बच्चा वनतारा किया गया एयरलिफ्ट (फोटो-Vantara)
HighLights
सात माह का हाथी 'राजा' गंभीर चोटों से जूझ रहा।
टूटी जांघ की हड्डी, कई शारीरिक समस्याएं भी हैं।
अनंत अंबानी की मदद से वनतारा में विशेष इलाज।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। जन्म के तुरंत बाद से जांघ की हड्डी टूटने और अन्य शारीरिक समस्याओं के कारण जीवन के लिए संघर्ष कर रहे सात माह के एशियाई हाथी के बच्चे 'राजा' को अब जामनगर स्थित वनतारा में विशेष इलाज मिल सकेगा।
वनतारा के संस्थापक अनंत अंबानी की पहल पर राजा को शुक्रवार को ही असम से आपातकालीन उपचार के लिए एयरलिफ्ट किया गया है, क्योंकि इतने छोटे और कमजोर हाथी के लिए 2500 किलोमीटर से अधिक की सड़क यात्रा संभव नहीं थी।
नवजात हाथी 'राजा' की हालत गंभीर
राजा का जन्म दो अक्टूबर 2026 को असम के गोगमुख में हुआ था। उसकी मां खुद केवल 11 साल की थी। कम उम्र और अनुभवहीनता में मां ने अपने नवजात बच्चे को लात मार दी, जिससे राजा की दाहिनी जांघ की हड्डी (फीमर) पूरी तरह से टूट गई।
वह अपनी मां का कोलोस्ट्रम (पहला दूध) भी नहीं पी सका, जो नवजात हाथी को जरूरी रोग-प्रतिरोधक क्षमता और ताकत देता है।
राजा के मालिक और उसकी देखभाल करने वालों ने समझ लिया कि उसे विशेष मदद की जरूरत है और उन्होंने 'वनतारा' से सहायता मांगी। वनतारा रैपिड रिस्पॉन्स टीम आठ अक्टूबर 2026 को उस तक पहुंच गई।
एक्स-रे से एक 'कंप्लीट ओवरराइडिंग फ्रैक्चर' की पुष्टि हुई। टीम ने इलाज शुरू किया। साथ ही उसे एक विशेष रूप से तैयार किया गया दूध का विकल्प (मिल्क रिप्लेसमेंट) देना शुरू किया गया, जिसके लिए फीडिंग बोतलें दी गईं और उसकी देखभाल करने वालों को जरूरी निर्देश भी दिए गए।
मां का दूध न मिलने और चलने-फिरने में असमर्थ होने के कारण राजा को एक के बाद एक कई जटिलताओं का सामना करना पड़ा है। लंबे समय तक लेटे रहने के कारण उसके सिर पर दबाव के कारण घाव हो गए हैं। साथ ही उसे नाभि की हर्निया और सामान्य कमजोरी भी है।
वनतारा में चल रहा इलाज
वनतारा के विशेषज्ञों की टीम ने राजा की सात सप्ताह तक देखभाल की, लेकिन उसकी हालत अभी भी गंभीर है। अब उसे इंटेंसिव केयर की आवश्यकता है।
वनतारा के सीईओ विवान करानी का कहना है कि राजा ने पिछले सात हफ्तों से अपने छोटे से शरीर के मुकाबले कहीं ज्यादा हिम्मत के साथ संघर्ष किया है। अब हमारी बारी है कि हम उसे सहारा दें।
अनंत अंबानी की करुणा और सहयोग से जिस सफर को सड़क मार्ग से तय करने में कई दिन लग जाते, वह हवाई मार्ग से कुछ ही घंटों में पूरा हुआ।
अंबानी की मदद से भारत में यह इस तरह का तीसरा एयरलिफ्ट है, जिसमें उसे 20 नवंबर 2026 को गुवाहाटी से जामनगर के लिए रवाना किया गया।
यह भी पढ़ें- पीएम मोदी ने सीएम योगी आदित्यनाथ से की बात, मां के निधन पर जताया शोक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।