हिमाचल प्रदेश में 9 नवंबर को होगा मतदान, 18 दिसंबर को नतीजे
आयोग के अनुसार हिमाचल प्रदेश के सभी 7,521 पोलिंग स्टेशन ग्राउंड फ्लोर पर होंगे। सभी पोलिंग स्टेशन पर पहली बार वीवीपैट का इस्तेमाल होगा।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव का ऐलान कर दिया है। इसके तहत वोटिंग 9 नवंबर को, जबकि वोटों की गिनती 18 दिसंबर को होगी। इसी बीच गुजरात के भी विधानसभा चुनाव संपन्न होंगे। माना जा रहा है कि गुजरात चुनाव दो चरणों में 10 से 15 दिसंबर के बीच होगा। इसकी घोषणा अगले एक हफ्ते में हो सकती है। मुख्य चुनाव आयुक्त ए.के. जोति ने गुरुवार को अपनी पूरी टीम के साथ हिमाचल प्रदेश चुनाव की घोषणा की है।
इसके तहत 16 अक्टूबर को नोटीफिकेशन जारी हो जाएगा, यानि नामाकंन की प्रक्रिया शुरु हो जाएगी, जबकि नामांकन की अंतिम तारीख 23 अक्टूबर रहेगी। पिछले चुनावों में ईवीएम मशीन को लेकर भी विवाद रहा था। ऐसे में हिमाचल में पूरा चुनाव वीवीपैट मशीन से होगा। यही नहीं सभी 68 विधानसभा क्षेत्र के एक बूथ में मशीन और वीपीपैट की पर्ची की गिनती कर मिलान भी होगा। जाहिर है कि यही पक्रिया गुजरात मे भी अपनाई जा सकती है। आयोग ने कहा कि यह प्रयोग ईवीएम और वीवीपैट पर लोगों का भरोसा बढ़ाने के लिए किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: महात्मा गांधी की हत्या से कांग्रेस को फायदा : उमा भारती
हिमाचल प्रदेश का चुनाव गुजरात चुनाव से पहले कराने के सवाल पर मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में मौसम की स्थितियों को देखते हुए जल्दी चुनाव कराने का फैसला लिया गया है, क्योंकि वहां जल्द ही बर्फबारी भी शुरू होने की संभावना रहती है। जोति ने बताया कि प्रदेश के सभी पोलिंग बूथ पर दो महिलाएं मौजूद होंगी जबकि कुल 136 बूथ ऐसे भी होंगे जहां केवल महिला कर्मी मौजूद होंगी। एक सवाल के जवाब में जोति ने बताया कि हिमाचल सरकार की ओर से भी आग्रह किया गया था कि चुनाव की घोषणा और मतदान में ज्यादा लंबा वक्त न रखा जाए। क्योंकि आचार संहिता के लागू होने के कारण बाढ़ राहत कार्यो में अवरोध होगा। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने यह भी संकेत किया कि गुजरात विधानसभा चुनाव की घोषणा गुरुवार को इसी कारण नहीं की गई है।
हिमाचल प्रदेश चुनाव कार्यक्रम:
नोटीफिकेशन जारी होने की तारीख- 16 अक्टूबर।
नामाकंन की अंतिम तारीख- 23 अक्टूबर।
नामाकंन पत्रों की जांच- 24 अक्टूबर।
नामाकंन पत्रों को वापस लेने की तारीख- 26 अक्टूबर।
वोटिंग- 09 नवंबर। वोटों की गिनती- 18 दिसंबर।
हिमाचल प्रदेश पर एक नजर- कुल विधानसभा सीट- 68 (इनमें 17 एसी और 3 एसटी के लिए आरक्षित।) मतदाताओं की कुल संख्या- 49.05 लाख। (15 सिंतबर की स्थिति में)। कुल पोलिंग बूथ- 7479. (2012 के मुकाबले 3.13 फीसदी ज्यादा)। वोटर स्लिप यानि इपिक का प्रतिशत- सौ फीसदी।