वोटर लिस्ट में नाम, फोटो या जन्मतिथि की गलती? चुनाव आयोग दिया एक और मौका; राज्यों के लिए निर्देश जारी
चुनाव आयोग ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मतदाता सूची में गड़बड़ियों को सुधारने के निर्देश दिए हैं। विशेष सघन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मिली गलत प्रविष्टियों को वार्षिक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) में ठीक किया जाएगा।

मतदाता सूची में गलतियां सुधारने का मौका (सांकेतिक फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद भी मतदाता सूचियों में गड़बड़ियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चुनाव आयोग ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं।
आयोग ने कहा है कि एसआईआर के दौरान दर्ज गलत प्रविष्टियों की पहचान कर उन्हें वार्षिक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के दौरान ठीक कराया जाए। साथ ही एक जनवरी 2027 तक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से शामिल किए जाएं।
चुनाव आयोग ने बुधवार को एसआइआर की प्रक्रिया पूरी कर चुके राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य चुनाव अधिकारियों को पत्र लिखकर ये निर्देश दिए। आयोग ने कहा कि मतदाता सूची में दर्ज मौजूदा विवरणों का एसआइआर के दौरान एकत्रित जानकारी से मिलान किया जाना चाहिए। इसमें मतदाता का नाम, संबंध, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और फोटो शामिल हैं।
आयोग के अनुसार, दोनों विवरणों के मिलान में किसी तरह की विसंगति मिलने पर उसे सत्यापन और आवश्यक सुधार के लिए चिह्नित किया जाए। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को संबंधित मतदाताओं के घर जाकर उनके विवरणों का सत्यापन करने को कहा गया है। जहां जरूरत होगी, वहां मतदाताओं से फार्म-8 भरवाकर जानकारी दुरुस्त कराई जाएगी।
आयोग ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) को भी निर्देश दिया है कि वे प्राप्त आवेदनों की जांच कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनका निपटारा करें।
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची में जनसांख्यिकीय विवरणों में किसी भी तरह का बदलाव केवल फार्म-8 के माध्यम से ही किया जा सकेगा। इस फार्म पर संबंधित मतदाता के हस्ताक्षर अनिवार्य होंगे। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी सत्यापन और अनुमोदन के आधार पर बदलाव करेगा।
आयोग ने यह भी साफ किया है कि स्वचालित पहचान के आधार पर मतदाता के विवरणों में कोई संशोधन नहीं किया जाएगा। यानी हर सुधार निर्धारित प्रक्रिया और सत्यापन के बाद ही संभव होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।