विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिसंबर में चरम पर रहेगा अल-नीनो का असर, फरवरी-मार्च 2027 तक बदलता रहेगा ठंड का मिजाज; बर्फबारी की भी आशंका

Published: Sat, 28 Nov 2026 08:50 PM (IST)

प्रशांत महासागर में दिसंबर में अल-नीनो का असर चरम पर होगा, जिससे फरवरी-मार्च 2027 तक भारत में सर्दी का मिजाज अप्रत्याशित रहने की संभावना है।

दिसंबर में अल-नीनो का असर (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

दिसंबर में अल-नीनो का असर (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. दिसंबर में प्रशांत महासागर में अलनीनो का असर चरम पर।

  2. फरवरी-मार्च 2027 तक भारत में अप्रत्याशित सर्दी की संभावना।

  3. उत्तरी भारत में सामान्य से अधिक तापमान रहने के आसार।

अरविंद शर्मा, नई दिल्ली। प्रशांत महासागर में दिसंबर में अल-नीनो का असर चरम पर होगा। ऐसे में फरवरी-मार्च 2027 तक देश के बड़े हिस्से में ठंड का अंदाजा लगाना आसान नहीं होगा। कहीं सामान्य से अधिक तापमान रह सकता है तो कहीं अचानक शीत लहर और कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। कहीं सर्दी देर से शुरू होगी तो कहीं अचानक ठिठुरन बढ़ जाएगी।

पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानों में तापमान के उतार-चढ़ाव से सर्दी का पारंपरिक मिजाज बदल सकता है। बंगाल की खाड़ी में लगातार चक्रवाती गतिविधियां भी मौसम को जटिल बनाए रखेंगी।मौसम विज्ञानियों के अनुसार इस बार सर्दी का मिजाज केवल अल-नीनो से तय नहीं होगा। पश्चिमी विक्षोभों की संख्या, उनकी तीव्रता और दिशा के साथ हिंद महासागर के हालात भी महत्वपूर्ण होंगे।

यही वजह है कि सामान्य से कम सर्दी के संकेतों के बावजूद बीच-बीच में शीतलहर, बारिश और पहाड़ों में बर्फबारी हो सकती है। यूरोपीय मौसम केंद्र कापरनिकस के ताजा आकलन में दिसंबर से फरवरी के बीच उत्तर भारत में सामान्य से अधिक तापमान रहने की करीब 98 प्रतिशत संभावना जताई गई है।

अमेरिका के क्लाइमेट प्रेडिक्शन सेंटर ने भी दिसंबर से फरवरी के बीच अल-नीनो की स्थिति बने रहने की लगभग सौ प्रतिशत संभावना व्यक्त की है। उसका अनुमान है कि जनवरी से मार्च 2027 तक मजबूत से अति मजबूत अल-नीनो बना रह सकता है। इससे देश के बड़े हिस्से में सामान्य से कम सर्दी पड़ने की आशंका बनी रह सकती है।

हालांकि, ये मौसमी माडल के अनुमान हैं, इन्हें निश्चित भविष्यवाणी नहीं माना जा सकता। स्काईमेट के उपाध्यक्ष जेपी शर्मा के अनुसार, अल-नीनो का असर मार्च 2027 तक रह सकता है। इसके बाद भी दो-तीन महीने न्यूट्रल स्थिति बनने में लग जाएंगे। यानी भारत में लगभग जून तक अल-नीनो प्रभावी रह सकता है। इसका असर सर्दियों के तापमान और बारिश पर भी पड़ना तय है।

पश्चिमी हिमालय के हिस्सों में फरवरी तक सामान्य से अधिक बर्फबारी की संभावनाअंतरराष्ट्रीय पर्वतीय विकास केंद्र (आइसीमोड) के आकलन में पश्चिमी हिमालय के हिस्सों में फरवरी तक सामान्य से अधिक बर्फबारी की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने पूरी सर्दी के दौरान सामान्य से अधिक तापमान के संकेत दिए हैं।

दिसंबर के शुरुआती दिनों तक उत्तर भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। बंगाल की खाड़ी में एक महीने के दौरान तीन चक्रवाती तूफानों का विकसित होना भी मौसम के बदलते मिजाज की ओर संकेत करता है। अर्नब, मुरासु और अकवान तूफानों के पीछे समुद्र में प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियां रही हैं। स्काईमेट ने अल-नीनो के साथ सकारात्मक इंडियन ओशन डाइपोल और मैडेन-जूलियन आसिलेशन को भी इन गतिविधियों में सहायक माना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।