विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिर महंगा हो सकता है दूध? अलनीनो के कारण चारे का संकट गहराने का अनुमान, पशुपालकों की आय पर भी पड़ेगा असर

Published: Wed, 11 Nov 2026 10:29 PM (IST)

अलनीनो के कारण चारे की कमी से भारत के डेयरी सेक्टर की रफ्तार धीमी हो सकती है, जिससे दूध उत्पादन की वृद्धि दर घटकर दो प्रतिशत रहने का अनुमान है।

अलनीनो से गहराएगा चारा संकट

अलनीनो से गहराएगा चारा संकट

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। अलनीनो का असर चारे की उपलब्धता पर भी पड़ता दिख रहा है, जिसके चलते भारत के डेयरी सेक्टर की रफ्तार अगले वर्ष धीमी पड़ सकती है। मौसम विज्ञानियों ने अलनीनो का प्रभाव अगले वर्ष फरवरी-मार्च तक बताया है।

ऐसे में पशु चारे की आपूर्ति में कमी आने से दूध उत्पादन की वृद्धि दर घटकर दो प्रतिशत रह सकती है। इसका असर छोटे पशुपालकों की आमदनी पर पड़ना तय है।

पिछले वर्ष बेहतर मानसून के कारण चारे की उपलब्धता बढ़ने से वर्ष 2026 में दूध उत्पादन में 2.5 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है, लेकिन अगले वर्ष यह गति कायम रहने की संभावना कम है। ऐसे में चारे की लागत बढ़ेगी और साथ ही दूध उत्पादन की लागत भी बढ़ेगी।

अमेरिकी कृषि विभाग की ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि दुनिया में सबसे बड़ा दूध उत्पादक होने के बावजूद भारत में पशुओं की संख्या बढ़ रही है, लेकिन प्रति पशु दूध उत्पादन अन्य देशों की तुलना में कम है।

इसके चलते 2027 में दूध उत्पादन मात्र दो फीसद बढ़कर 22.65 करोड़ टन रह सकता है। पशु आहार की कमी और छोटे एवं बिखरे हुए डेयरी फार्म इसके प्रमुख कारण हैं।

देश के लगभग 95 प्रतिशत दूध उत्पादकों के पास एक से पांच पशु हैं। करीब आठ करोड़ ग्रामीण परिवार डेयरी गतिविधियों से जुड़े हैं। डेयरी क्षेत्र सकल घरेलू उत्पाद में लगभग पांच प्रतिशत योगदान देता है। ऐसे में उत्पादन की रफ्तार में मामूली गिरावट भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था और छोटे किसानों की आय को प्रभावित कर सकती है।

डेयरी क्षेत्र की सबसे बड़ी कमजोरी चारे की उपलब्धता में कमी है। भारतीय घासभूमि एवं चारा अनुसंधान संस्थान  (आइजीएफआरआइ) का भी मानना है कि देश में हरे चारे की मांग और उपलब्धता के बीच 11 से 32 प्रतिशत तक का अंतर है। सूखे चारे में यह कमी 23 प्रतिशत और कंसंट्रेट फीड में 28 से 40 प्रतिशत तक है।

ऐसे में अलनीनो का असर अगर आगे भी जारी रहता है तो पशुपालकों के सामने चारे का संकट और गहरा सकता है।

दूध उत्पादन की वृद्धि दर धीमी पड़ने के बावजूद दूध और डेयरी उत्पादों की मांग में कमी नहीं आएगी। बढ़ती आय, शहरीकरण और संगठित खुदरा बाजार के विस्तार से वर्ष 2027 में तरल दूध की घरेलू खपत लगभग 9.5 करोड़ टन रहने की संभावना है।

वहीं, प्रसंस्करण के लिए दूध की खपत बढ़कर 13.15 करोड़ टन पहुंच सकती है। बटर का उत्पादन 2.2 प्रतिशत बढ़कर 76 लाख टन और स्किम्ड मिल्क पाउडर का उत्पादन 2.5 प्रतिशत बढ़कर 8.10 लाख टन रहने का अनुमान है।

मांग और आपूर्ति में अंतर का असर निर्यात पर भी पड़ेगा। वर्ष 2027 में बटर का निर्यात 45 हजार टन से घटकर 40 हजार टन और स्किम्ड मिल्क पाउडर का निर्यात 15 हजार टन से घटकर सात हजार टन रह सकता है। दूध के निर्यात में भी 30 हजार टन से घटकर 25 हजार टन रहने का अनुमान है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।