ओजोन ग्रुप मनी लॉन्ड्रिंग मामला: ED ने जब्त की 702 करोड़ की संपत्ति, घर खरीदारों के साथ हुआ बड़ा धोखा
ईडी ने ओजोन अर्बाना इंफ्रा डेवलपर्स से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 702.70 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां कुर्क की हैं। यह कार्रवाई घर खरीदारों के साथ 1,305.11 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के बाद की गई है।

ED ने जब्त की 702 करोड़ की संपत्ति। (पीटीआई)
HighLights
ईडी ने ओजोन अर्बाना इंफ्रा की 702 करोड़ की संपत्ति कुर्क की।
मनी लॉन्ड्रिंग और घर खरीदारों से धोखाधड़ी के आरोप में कार्रवाई।
कुल 1,305 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी, खरीदारों को नहीं मिला कब्जा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ईडी ने ओजोन अर्बाना इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और अन्य से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 702.70 करोड़ रुपये मूल्य की अचल संपत्तियों (फ्लैट और जमीन) को अटैच किया है। इससे पहले की जांच के दौरान, 423.37 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियां अटैच की गई थीं। यह नई जब्ती आगे की जांच और उन संपत्तियों की पहचान के बाद की गई है, जिनका संबंध अपराध से प्राप्त आय से है।
ईडी ने जांच की शुरुआत कर्नाटक पुलिस और सीबीआई द्वारा दर्ज कई प्राथमिकियों के आधार पर की थी। एफआईआर में अन्य आरोपों के अलावा, आवासीय परियोजनाओं को पूरा न करने, बुक किए गए अपार्टमेंट का कब्जा न देने और घर खरीदारों से ली गई रकम वापस न करने के संबंध में धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के आरोप लगाए गए हैं।
ईडी ने कहा कि जांच से पता चला है कि वासुदेवन एस. द्वारा नियंत्रित और प्रबंधित ओजोन ग्रुप की कंपनियों ने घर खरीदारों को सबवेंशन, बायबैक, जीरो-डाउन पेमेंट और अन्य योजनाओं के जरिए आवासीय इकाइयां बुक करने के लिए प्रेरित किया। इसमें यह भरोसा भी दिया गया था कि कब्जा मिलने तक बिल्डर ही प्री-ईएमआई और ईएमआई का भुगतान करेगा।"
यह पता चला है कि घर खरीदारों के साथ 1,305.11 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। उन्होंने पैसे लेने के बावजूद खरीदारों को अपार्टमेंट या यूनिट का कब्जा नहीं दिया, और बेईमानी से इन फंड्स को अपने पास रख लिया या कहीं और डायवर्ट कर दिया।"
(समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)