ECINET विवाद: चुनाव आयोग ने सॉफ्टवेयर की जानकारी देने से किया इनकार, कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर ECINET सॉफ्टवेयर की जानकारी छिपाने का आरोप लगाया है, जिससे मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' में हुई 'केंद्रीयकृत हेराफेरी' का खुलासा हो सके।

कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर फिर उठाए सवाल।
HighLights
कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर ECINET जानकारी छिपाने का आरोप लगाया।
मतदाता सूची पुनरीक्षण में 'केंद्रीयकृत हेराफेरी' का दावा किया।
आयोग ने व्यावसायिक गोपनीयता का हवाला देकर जानकारी देने से इनकार किया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस ने रविवार को चुनाव आयोग पर हमले तेज कर दिए हैं। पार्टी का आरोप है कि चुनाव आयोग बार-बार ECINET सॉफ्टवेयर की जानकारी देने से इनकार कर रहा है, ताकि मतदाता सूची के विनाशकारी 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (SIR) में हुई 'केंद्रीयकृत हेराफेरी' को छिपाया जा सके।
कांग्रेस के संचार विभाग के महासचिव जयराम रमेश ने 'द हिंदुस्तान टाइम्स' की एक रिपोर्ट साझा की। इस रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयोग ने उस सॉफ्टवेयर का नाम और वर्जन बताने से इनकार कर दिया है, जिसका इस्तेमाल SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में गलतियों और विसंगतियों का पता लगाने के लिए किया गया था।
रिपोर्ट में बताया गया है कि चुनाव आयोग ने जानकारी न देने के पीछे व्यवसायिक गोपनीयता, व्यवहार रहस्य और बैद्धिक संपदा का हवाला दिया है। आयोग का कहना है कि मांगी गई जानकारी सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम के तहत सार्वजनिक करने से छूट प्राप्त है।
कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर लगाए आरोप
चुनाव आयोग पर कमजोर बहाने बनाने का आरोप लगाते हुए, रमेश ने एक्स पर कहा कि ECINET सॉफ्टवेयर और AI के इस्तेमाल को लेकर पारदर्शिता की कमी ने नागरिकों के बीच पूरी प्रक्रिया की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाया है। चुनाव आयोग बार-बार यह जानकारी देने से इनकार कर रहा है, क्योंकि इससे उसे बड़े पैमाने पर हुई केंद्रीयकृत हेराफेरी की सच्चाई सामने आ जाएगी।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जनता को यह जानकारी चुनाव आयोग से मिलने के बजाय टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज से क्यों मिली कि ECINET को उसी कंपनी ने विकसित किया है।
कांग्रेस नेता ने यह भी पूछा कि आयोग ने बार-बार SIR प्रक्रिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल से इनकार क्यों किया, जबकि यह साफ है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण में इस तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा था।
यह भी पढ़ें- बंगाल में तीन ईसाई परिवारों को मतांतरण के लिए पीटने का आरोप, कांग्रेस ने गृह मंत्री को लिखा पत्र
