विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में तीन ईसाई परिवारों को मतांतरण के लिए पीटने का आरोप, कांग्रेस ने गृह मंत्री को लिखा पत्र

Published: Sun, 25 Oct 2026 03:28 PM (IST)

पश्चिम मेदिनीपुर के पाटलापुर गांव में दुर्गापूजा के दौरान तीन ईसाई परिवारों को मतांतरण के लिए पीटने का आरोप है। ...और पढ़ें

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की तस्वीर (फाइल)।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की तस्वीर (फाइल)।

HighLights

  1. पश्चिम मेदिनीपुर में ईसाई परिवारों पर मतांतरण का आरोप।

  2. कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा।

  3. पीड़ितों को जबरन अंजुलि देने और पीटने का दावा।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के चंद्रकोना थाना क्षेत्र के पाटलापुर गांव में दुर्गापूजा के दौरान तीन ईसाई परिवारों को कथित तौर पर मतांतरण के लिए पीटने का मामला सामने आया है।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इस मामले में पत्र लिखा है। पत्र लिखकर आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को भी भेजी गई है।

जबरन धर्म बदलने का आरोप

वेणुगोपाल के पत्र के अनुसार, 18 से 20 अक्टूबर के बीच कथित तौर पर बजरंग दल से जुड़े लोगों ने पाटलापुर गांव में तीन ईसाई परिवारों के घरों में घुसकर उन पर अपना धर्म छोड़ने का दबाव बनाया। इनकार करने पर परिवार के सदस्यों को मारा-पीटा। महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार और एक महिला के सिर पर गंभीर चोट लगने का उन्होंने दावा किया है।

पूजा पंडाल में जबरन अंजुलि दिलाने का आरोप

पत्र में आरोप लगाया गया है कि 19 अक्टूबर को तीनों परिवारों के सदस्यों को पड़ोसी डिंगल गांव के दुर्गापूजा पंडाल में ले जाया गया। वहां उन्हें कथित तौर पर जबरन अंजुलि देने और तथाकथित शुद्धिकरण प्रक्रिया में शामिल होने के लिए बाध्य किया गया। विरोध करने या पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने और जिंदा जलाने की धमकी दी गई।

पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

वेणुगोपाल ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों की शिकायत के बावजूद तत्काल प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।एक वकील के हस्तक्षेप के बाद 20 अक्टूबर को 13 लोगों के नाम शामिल करते हुए प्राथमिकी दर्ज की गई।

बंगाल अध्यक्ष ने की निंदा

बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने भी घटना की निंदा की है। उन्होंने कोलकाता के बिशप रेवरेंड परितोष कैनिंग को पत्र लिखकर पीड़ित परिवारों के प्रति समर्थन जताया।