विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चुनाव आयोग ने कामकाज में किया फेरबदल, ECInet के संचालन की देखरेख के लिए नया अधिकारी नियुक्त

Published: Thu, 05 Nov 2026 07:31 PM (IST)Updated: Thu, 05 Nov 2026 07:43 PM (IST)

चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि उसकी आईटी महानिदेशक सीमा खन्ना की रिपोर्टिंग अथॉरिटी में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

चुनाव आयोग ने साफ किया रुख

चुनाव आयोग ने साफ किया रुख

HighLights

  1. चुनाव आयोग ने सीमा खन्ना की रिपोर्टिंग अथॉरिटी पर दिया स्पष्टीकरण।

  2. आईटी महानिदेशक की रिपोर्टिंग अथॉरिटी में कोई बदलाव नहीं हुआ।

  3. नए कार्य आवंटन आदेश के बाद ECI ने स्थिति साफ की।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने हाल ही में प्रकाश राजपुरोहित की उप चुनाव आयुक्त (DEC) के रूप में नियुक्ति को देखते हुए अपने उप चुनाव आयुक्तों और महानिदेशकों (DG) के बीच काम का बंटवारा फिर से तय किया है।

ECINet पोर्टल और एप्लिकेशन का प्रबंधन करने वाले विभाग की प्रमुख सीमा खन्ना अब IT/ICT और शिकायतों से जुड़े विभागों की फाइलें वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त पवन कुमार शर्मा के माध्यम से आगे बढ़ाएंगी। आयोग के सूत्रों ने बताया कि सीमा खन्ना पहले ये फाइलें वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त मनीष गर्ग के माध्यम से और उससे पहले तत्कालीन उप चुनाव आयुक्त संजय कुमार के माध्यम से भेजती थीं।

समझिए क्या था पूरा विवाद?

बता दें कि यह सारा विवाद तब शुरू हुआ जब 28 जुलाई को डिप्टी ईसी मनीष गर्ग ने एक आदेश जारी कर सीमा खन्ना को सीधे चुनाव आयोग, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयुक्त विवेक जोशी व एसएस संधू शामिल हैं, को रिपोर्ट करने का निर्देश दिया था।

क्यों बदली गई थी व्यवस्था?

इससे पहले सीमा खन्ना डिप्टी ईसी संजय कुमार को रिपोर्ट करती थीं। जब संजय कुमार का ट्रांसफर दिल्ली सरकार में हो गया, तब मनीष गर्ग ने यह आदेश जारी किया था, जिससे बीच की एक कड़ी खत्म हो गई और खन्ना सीधे आयोग के संपर्क में आ गईं।

हालांकि, जुलाई में उप चुनाव आयुक्त (प्रशासन) भानु प्रकाश येतुरु की छुट्टी के दौरान कार्यवाहक उप चुनाव आयुक्त के रूप में काम कर रहे मनीष गर्ग ने काम के बंटवारे का एक आदेश जारी किया था। इस आदेश के तहत सीमा खन्ना को अपनी फाइलें तत्कालीन उप चुनाव आयुक्त संजय कुमार के माध्यम से भेजने की जरूरत नहीं थी। लेकिन चुनाव आयुक्त एस.एस. संधू और विवेक जोशी की आपत्तियों के बाद इस आदेश को कभी लागू नहीं किया गया।

यह बात चुनाव आयोग द्वारा हाल ही में सुप्रीम कोर्ट में दाखिल किए गए हलफनामे में दर्ज है। पूरे आयोग की मंजूरी से जारी इस हलफनामे में चुनाव आयोग ने कहा, "संबंधित अधिकारी द्वारा जारी काम के पुनर्वितरण के आदेशों को, दोनों चुनाव आयुक्तों के निर्देशों के बाद कभी लागू नहीं किया गया। साथ ही, IT विभाग की देखरेख का जिम्मा उप चुनाव आयुक्त से कभी वापस नहीं लिया गया।"

परिणामस्वरूप, सीमा खन्ना अपनी फाइलें संजय कुमार के माध्यम से ही भेजती रहीं। और जब संजय कुमार का चुनाव आयोग में कार्यकाल समाप्त हो गया, तो वह उनके 'लिंक ऑफिसर' (कार्यभार संभालने वाले अधिकारी) मनीष गर्ग के माध्यम से फाइलें भेजने लगीं।

4 नवंबर के काम के पुनर्वितरण आदेश के तहत पवन कुमार शर्मा अब IT/ICT और शिकायतों विभागों के प्रभारी उप चुनाव आयुक्त होंगे और सीमा खन्ना इन विभागों की फाइलें अब उनके माध्यम से आगे बढ़ाएंगी।

आयोग के भीतर ही उठा विरोध

सूत्रों के मुताबिक, चुनाव आयुक्तों संधू और जोशी ने इस आदेश पर कड़ी आपत्ति जताई थी और कैबिनेट सचिव टीवी सोमनाथेन को अलग-अलग पत्र लिखकर जिम्मेदारियों के बंटवारे पर चिंता व्यक्त की थी। इसके बाद इस आदेश को रोक दिया गया था। चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट को भी बताया था कि 28 जुलाई का वह आदेश कभी लागू ही नहीं हुआ था।

अब क्या है नई स्थिति?

चुनाव अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि चूंकि वह आदेश लागू नहीं हुआ था, इसलिए संजय कुमार के जाने के बाद मनीष गर्ग ही सीमा खन्ना की देखरेख कर रहे थे। अब हाल ही में नए डिप्टी ईसी के रूप में शामिल हुए राज पुरोहित को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अब समझिए सीमा खन्ना की भूमिका सवालों के घेरे में क्यों आई?

गौरतलब है कि सीमा खन्ना के नेतृत्व वाले आईटी डिवीजन के पास मतदाता सूची सॉफ्टवेयर के नियंत्रण अधिकार हैं। द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के अनुसार, चुनाव आयुक्तों को चिंता थी कि जो अधिकारी कानूनी रूप से मतदाता सूची तैयार करने के लिए जिम्मेदार होते हैं (यानी ईआरओ) वे सॉफ्टवेयर की पाबंदियों के कारण अपने काम ठीक से नहीं कर पा रहे थे।

ध्यान देने वाली बात यह है कि मामले में आरोप था कि आईटी डिवीजन द्वारा इन अधिकारों का अत्यधिक केंद्रीकरण किया जा रहा है, जिससे मैदानी स्तर के अधिकारियों के अधिकार सीमित हो रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।