'लोकसभा चुनाव 2024 में वोटों की गिनती में गड़बड़ी के दावे भ्रामक', चुनाव आयोग ने आरोपों को किया खारिज
चुनाव आयोग ने 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में वोटों की संख्या में अंतर के सोशल मीडिया दावों को भ्रामक बताया है।

लोकसभा चुनाव 2024 वोटों की गिनती में गड़बड़ी के दावों को चुनाव आयोग ने खारिज किया

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 2024 के लोकसभा चुनाव और विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों में मतदान और मतगणना के दौरान वोटों की संख्या में अंतर होने के सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों को चुनाव आयोग ने भ्रामक करार दिया है।
आयोग ने बुधवार को इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मतदान और मतगणना से संबंधित सभी आंकड़े आधिकारिक रूप से प्रकाशित किए जाते हैं और कोई भी व्यक्ति इन्हें आयोग की वेबसाइट पर देख सकता है।
चुनाव आयोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट जारी कर महाराष्ट्र, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर की कुछ विधानसभा सीटों से जुड़े दावों के स्क्रीनशॉट साझा किए। साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के आंकड़े पेश कर स्थिति स्पष्ट की।
आयोग ने अपने बयान में कहा कि सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिये 2024 के लोकसभा चुनाव और उसी वर्ष हुए विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों में डाले गए वोटों और गिने गए वोटों के बीच विसंगतियां होने का दावा किया गया था। ये आरोप भ्रामक हैं और तथ्यों को सही तरीके से प्रस्तुत नहीं करते।
कहां मिलते हैं चुनाव के आंकड़े?
चुनाव आयोग के मुताबिक, वह अपनी सांख्यिकीय रिपोर्ट और इंडेक्स कार्ड में मतदाताओं की संख्या, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के जरिये पड़े वोट, पोस्टल बैलेट से मिले वोट और कुल मतदान का पूरा ब्योरा प्रकाशित करता है। ये सभी जानकारियां आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
आयोग ने सोशल मीडिया पोस्ट में इस्तेमाल किए गए आंतरिक रिकॉर्ड शब्द पर भी सवाल उठाया। आयोग काकहना है कि पोस्ट में कुछ निर्वाचन क्षेत्रों का नाम लेकर आरोप लगाया गया कि वहां आयोग ने शून्य वोटों की गिनती की, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया गया कि इन दावों के लिए किन रिकॉर्ड का हवाला दिया जा रहा है।
Form 17C को बताया आधिकारिक रिकॉर्ड
चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि किसी मतदान केंद्र पर डाले गए वोटों का एकमात्र वैधानिक रिकॉर्ड फॉर्म 17C है। मतदान समाप्त होने के बाद पीठासीन अधिकारी इसे तैयार करता है।
आयोग के अनुसार, फॉर्म 17C के भाग-1 की प्रतियां उन उम्मीदवारों के मतदान एजेंटों को भी दी जाती हैं, जो मतदान समाप्त होने के समय संबंधित केंद्र पर मौजूद रहते हैं। इस व्यवस्था के तहत उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों को भी मतदान के आधिकारिक आंकड़ों की जानकारी मिलती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।