गुजरात सरकार का पोस्टर- 'कुरान में बीफ खाना मना, होती हैं बीमारियां'
भाजपा शासित राज्य महाराष्ट्र के बाद अब गुजरात में बीफ पर नया बखेड़ा शुरू हो गया है। गुजरात सरकार के एक पोस्टर में लिखा है कि कुरान बीफ खाने की इजाजत नहीं देता। बीफ खाने सेहत बिगड़ती है और शरीर को कई बीमारियां हो सकती हैं।
नई दिल्ली। भाजपा शासित राज्य महाराष्ट्र के बाद अब गुजरात में बीफ पर नया बखेड़ा शुरू हो गया है। गुजरात सरकार के एक पोस्टर में लिखा है कि कुरान बीफ खाने की इजाजत नहीं देता। बीफ खाने सेहत बिगड़ती है और शरीर को कई बीमारियां हो सकती हैं।
पोस्टर विवाद शुरू होने के बाद इस संबंध में मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य मुफ्ती अहमद देवलावी ने कहा कि कुरान में कहीं भी इसका जिक्र नहीं किया गया है। पोस्टर में यह बात सामने लाकर मुस्लिम समुदाय को भ्रमित करने की साजिश की जा रही है।
यह पोस्टर गुजरात सरकार के गौसेवा और गौचर विकास बोर्ड का है। कथित पोस्टर में दावा किया गया है कि 'कुरान में बीफ खाना मना है। इससे शरीर में बीमारियां होती हैं।'
इसके अलावा इस पोस्टर में लिखा है कि कुरान भी गौरक्षा की बात करती है। सभी को गाय का सम्मान करना चाहिए और बीफ से परहेज करना चाहिए। गौर करने वाली बात यह कि पोस्टर पर मुख्यमंत्री आनंदी बेन पटेल के साथ इस्लामिक चिन्ह की तस्वीर है।
इधर, गौसेवा और गौचर विकास बोर्ड के चेयरमैन डॉ. वल्लभभाई कठीरिया ने कहा कि उन्हें 20 पेजों में कुरान की आयतों का अनुवाद मिला, जो हिंदी और गुजराती में है। कठीरिया ने दावा किया है कि बुकलेट उनके राजकोट के घर पर है।