coronavirus: देश में 11 सौ से ज्यादा संक्रमित, अब तक 27 लोगों की मौत, जानें क्या है राज्यों की स्थिति
देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। पिछले चौबीस घंटे में 135 नए मामले सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा 11 सौ को पार कर गया है।
नई दिल्ली, एजेंसियां। देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। पिछले चौबीस घंटे में 135 नए मामले सामने आए और संक्रमितों का आंकड़ा 11 सौ को पार कर गया है। इनमें विदेशी नागरिक और वायरस के चलते जान गंवाने वाले भी शामिल हैं। 99 लोग अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। रविवार को गुजरात और जम्मू-कश्मीर में एक-एक व्यक्ति की जान चली गई है और मरने वालों की संख्या 27 हो गई है।
गुजरात और जम्मू-कश्मीर में एक-एक व्यक्ति ने तोड़ा दम, आंकड़ा 27 पर पहुंचा
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और राज्यों के स्वास्थ्य विभागों की तरफ से मिली जानकारियों के मुताबिक देश में अभी तक कोरोना वायरस के 1,123 पॉजिटिव केस पाए गए हैं। 27 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें महाराष्ट्र में छह, गुजरात में पांच, कर्नाटक में तीन, मध्य प्रदेश, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर में दो-दो और केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु, बिहार, पंजाब, बंगाल और हिमाचल प्रदेश में एक-एक व्यक्ति शामिल हैं।
महाराष्ट्र और केरल दोनों ही राज्यों में पीड़ितों की संख्या दो सौ के पार
महाराष्ट्र में अभी तक सबसे ज्यादा 203 लोग संक्रमित हुए हैं। रविवार को 22 नए मामले सामने आए। 34 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। 20 नए केस के साथ केरल में संक्रमितों की संख्या 202 हो गई है। नए मामलों में कन्नूर में आठ और कासरगोड में सात केस शामिल हैं। राज्य में अब तक 20 स्वस्थ हो चुके हैं। राजस्थान में दो नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों की संख्या 56 हो गई है। 23 नए मामलों के साथ दिल्ली में 72 संक्रमित हो गए हैं। पांच नए मामलों के साथ जम्मू-कश्मीर में 38, चार नए केस के साथ बिहार में 15 और 16 नए मामलों के साथ उत्तर प्रदेश में संक्रमितों की संख्या 81 पर पहुंच गई है।
गुजरात में रविवार को पांच नए केस सामने आए और पीडि़तों की संख्या 63 पर पहुंच गई। कर्नाटक में सात नए केस मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 83 हो गई है। तमिलनाडु में आठ नए मामले मिले हैं और संक्रमितों की संख्या 50 हो गई है। मध्य प्रदेश में छह नए केस सामने आए हैं और संख्या 40 हो गई है। गोवा में दो नए पॉजिटिव केस मिले हैं और संक्रमितों की संख्या पांच हो गई है। हरियाणा में 21, आंध्र प्रदेश में 19, लद्दाख में 13, तेलंगाना में 67, बंगाल में 17, चंडीगढ़ में आठ, छत्तीसगढ़ में सात, हिमाचल में तीन, और उत्तराखंड में अभी तक सात संक्रमित पाए गए हैं। सेना के एक डॉक्टर और एक कमिशंड अधिकारी को भी कोरोना से संक्रमित पाया गया है।
कोरोना का प्रसार
महाराष्ट्र -203
केरल - 202
कर्नाटक -83
तेलंगाना - 67
गुजरात - 63
उत्तर प्रदेश - 81
राजस्थान - 56
दिल्ली - 72
पंजाब - 38
हरियाणा - 21
तमिलनाडु - 50
मध्य प्रदेश - 40
लद्दाख - 13
जम्मू-कश्मीर - 38
आंध्र प्रदेश - 19
बंगाल - 17
चंडीगढ़ - 8
बिहार -15
छत्तीसगढ़ - 7
अंडमान-निकोबार -9
उत्तराखंड - 7
हिमाचल प्रदेश - 3
गोवा -5
ओडिशा - 3
पुडुचेरी - 1
मणिपुर -1
मिजोरम -1