विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आधे भारत में सूखे जैसे हालात, उत्तर से दक्षिण तक प्रमुख जलाशयों में तेजी से घटा जलस्तर

Published: Sun, 29 Nov 2026 03:09 PM (IST)

देश के लगभग आधे हिस्से में सूखे जैसे हालात बन रहे हैं, जिससे पानी की कमी गंभीर चिंता का विषय बन गई है। 

कर्नाटक, महाराष्ट्र और तेलंगाना में सामान्य से कम बारिश हुई है। (फोटो- एआई द्वारा निर्मित)।

कर्नाटक, महाराष्ट्र और तेलंगाना में सामान्य से कम बारिश हुई है। (फोटो- एआई द्वारा निर्मित)।

HighLights

  1. देश का लगभग आधा हिस्सा सूखे की चपेट में।

  2. प्रमुख जलाशयों में पानी का स्तर तेजी से घटा।

  3. छह राज्यों में आधिकारिक तौर पर सूखा घोषित किया गया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में पानी की कमी को लेकर सूखे जैसे हालात बन रहे हैं। देश के लगभग आधे भाग में यही हालात बन रहे हैं। साल 2026 के आखिरी महीने के शुरू होने से पहले ये रिपोर्ट चिंता पैदा करती है।

IIT गांधीनगर के 'इंडिया ड्राउट मॉनिटर' (India Drought Monitor) के अनुसार, 25 नवंबर तक देश का 46.6 प्रतिशत हिस्सा सूखे की मार झेल रहा है। इससे पहले 18 नवंबर को हालात और चिंता पैदा कर रहे थे उस वक्त ये आकंड़ा 47.2% पर था।

कई राज्यों को लेकर जारी की चेतावनी

IIT बॉम्बे ने कई राज्यों को लेकर चेतावनी जारी की है। उन्होंने राजस्थान, महाराष्ट्र, कर्नाटक, पश्चिमी मध्य प्रदेश, तेलंगाना और दक्षिण-पश्चिमी आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों को लेकर कहा कि यहां पर सूखे जैसे हालात बने रहने की आशंका है। सूखे की चिंता तब और बढ़ जाती है जब ये बात सामने आती है कि देश के प्रमुख जलाशयों में पानी का भंडार तेजी से कम हो रहा है।

क्षमता का मात्र 60 प्रतिशत बचा है पानी

केंद्रीय जल आयोग (CWC) द्वारा 26 नवंबर को जारी साप्ताहिक रिपोर्ट के मुताबिक देश के 178 प्रमुख जलाशयों में 111.209 बिलियन क्यूबिक मीटर (BCM) पानी बचा है। यह इन जलाशयों की कुल क्षमता का 60.19% है। पानी का यह स्तर पिछले 10 वर्षों के सामान्य औसत से 21% कम है। पिछले साल से इसकी तुलना की जाए तो ये 31.64% कम है। दक्षिण भारत के जलाशयों में उनकी कुल क्षमता का केवल 38% पानी बचा है। वहीं, उत्तर भारत में पानी का स्तर सामान्य से 27% कम है।

देश के 6 राज्यों में सूखे की घोषणा

 

  1. कर्नाटक
  2. महाराष्ट्र
  3. आंध्र प्रदेश
  4. तेलंगाना
  5. राजस्थान
  6. गुजरात

देश के छह राज्यों में आधिकारिक तौर पर सूखे की घोषणा की गई है। इनमें कर्नाटक के 217 तालुक, महाराष्ट्र के 305 तालुक, आंध्र प्रदेश के 412 मंडल, तेलंगाना के 31 जिलों में फैले 365 मंडल और राजस्थान के 14 जिलों में फैली 80 तहसीलें शामिल हैं। वहीं, गुजरात सरकार ने कच्छ, जामनगर, देवभूमि द्वारका और पोरबंदर सहित चार जिलों को सूखाग्रस्त घोषित किया है।

 कर्नाटक में हालात चिंताजनक

रिपोर्टों के अनुसार, कर्नाटक, महाराष्ट्र और तेलंगाना में सामान्य से कम बारिश हुई है। इनमें कर्नाटक के हालात ज्यादा चिंताजनक हैं। पिछले दो हफ्तों से जल भंडारण में लगातार कमी आ रही है। बारिश के बाद सिंचाई और पीने के पानी के लिए पानी छोड़े जाने से जलाशयों का स्तर गिरता है, लेकिन इस बार यह कमी सामान्य से कहीं अधिक है।

पिछले 11 सालों में सबसे कम बारिश

इस साल का मानसून देश का 13वां सबसे सूखा मानसून सीजन रहा। पिछले 11 वर्षों में यह सबसे कम बारिश वाला मानसून था। देश के 282 जिलों, यानी 38% हिस्से में बारिश सामान्य से कम रही। भारी बारिश के लिए मशहूर मेघालय में भी सामान्य के मुकाबले 60% कम बारिश दर्ज की गई। 24 सितंबर तक, देश के 150 प्रमुख जलाशयों में 130 बिलियन क्यूबिक मीटर (BCM) पानी मौजूद था। इनकी कुल भंडारण क्षमता 182.4 बिलियन क्यूबिक मीटर है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।