आंध्र में बाढ़ के कारण फंसे ट्रकों से सुरक्षित निकाले गए 55 लोग
आंध्र प्रदेश के वामसाधरा नदी में जलस्तर बढ़ जाने से आए बाढ़ में फंसे ट्रकों से लोगों व पशुओं को निकाल लिया गया है।
हैदराबाद (एजेंसी)। उत्तरी आंध्र प्रदेश में बाढ़ मुसीबत बन चुकी है। सोमवार को इस बाढ़ में फंसेे 55 लोगों और उनके पशुओं को जद्दोजहद केे बाद बचाया गया। भारी बारिश के कारण श्रीकाकुलम जिले के कई इलाकों में बाढ़ का पानी आ गया है। वत्सधारा नदी में पानी का स्तर बढ़ जाने से जिले में आई बाढ़ में 55 लोगों समेत 10 ट्रक पानी में फंस गए थे।
बाढ़ के कारण फंसे ट्रकों में सवार लोग ऊपरी हिस्से पर खड़े हो मदद का इंतजार कर रहे थे। इन्हें बचाने के लिए अधिकारियों ने नावों का सहारा लिया। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन बल, नेवी व फायर डिपार्टमेंट के प्रयासों से इन लोगों को सुरक्षित निकाला जा सका। ट्रक में से 20 भेड़ों को भी बचाया गया लेकिन 80 जानवर बाढ़ में बह गए।
कर्नाटक से एक लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद तमिलनाडु के सलेम जिले में कावेरी के तटों पर रह रहे लोगों के लिए भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचने का निर्देश दे दिया गया है।