एआई के अच्छे-बुरे दोनों पक्ष, पीछे हटने का कोई विकल्प नहीं: डॉ. चेतन अरोड़ा
एआई के खतरों और संभावनाओं पर चल रही बहस के बीच, आईआईटी दिल्ली के डॉ. चेतन अरोड़ा ने कहा कि एआई के अच्छे-बुरे दोनों पहलू हैं और भारत को अपनी जरूरतों के हिसाब से कम लागत वाले विशेषज्ञ एआई मॉडल विकसित करने होंगे।

प्रो. चेतन अरोड़ा, यार्दी स्कूल ऑफ एआई के प्रमुख।
HighLights
एआई के अच्छे-बुरे दोनों पहलू, पीछे हटने का विकल्प नहीं।
भारत को कम लागत वाले विशेषज्ञ एआई मॉडल विकसित करने होंगे।
अगले डेढ़ साल में चिकित्सा एआई में व्यापक बदलाव होंगे।
रुमनी घोष, नई दिल्ली। थैंक्सगिविंग डे के मौके पर जीपीटी-5 और अन्य उन्नत एआई माडलों की सुरक्षा जांच करने वाले शोधकर्ता निकोला युर्कोविच ने खुला पत्र लिखकर चेतावनी जारी की है कि 2027 में अनियंत्रित एआई से कोरोना महामारी से भी बड़ा संकट और ज्यादा मौतें हो सकती हैं। जैविक हथियारों के उपयोग से लेकर सरकारी संस्थाओं पर कब्जे की आशंका जताते हुए उन्होंने लोगों को घर में 14 दिन का राशन इकट्ठा कर रखने की सलाह भी दे दी है। बेशक, यह अब तक का सबसे डरावना बयान है, लेकिन इससे पहले एआई के गाड-फादर कहे जाने वाले नोबेल विजेता जेफ्री हिंटन ने आगाह किया था कि एआई तीन साल में इंसानों को मिटा देगा। यह इंसानों के नियंत्रण से बाहर हो जाएगा।
वहीं इसी माह नई दिल्ली में आयोजित समिट में शामिल हुए अर्थशास्त्री जोसेफ स्टिग्लिट्ज ने भारतीय अर्थव्यवस्था और रोजगार पर एआई के असर को लेकर चिंता जताई। एक महीने के भीतर एआई को लेकर आए इन बयानों को लेकर हमारे यहां एक ओर चिंता है, वहीं शोध से जुड़े विज्ञानियों के एक बड़े वर्ग का मानना है कि यह विकसित देशों की चाल भी हो सकती है। दिल्ली आइआइटी के कंप्यूटर साइंस और इंजीनियरिंग विभाग के अधीन संचालित यार्दी स्कूल आफ एआई के प्रमुख और स्कूल आफ इंफार्मेशन टेक्नोलाजी में संयुक्त फैकल्टी प्रो. डॉ. चेतन अरोड़ा का कहना है हर तकनीक की तरह एआई के अच्छे-बुरे दोनों पहलू हैं, लेकिन हमारे पास पीछे हटने का कोई विकल्प नहीं है।
एआई के क्षेत्र में शोध कर रहे देश के चुनिंदा विज्ञानियों में शामिल डॉ. अरोड़ा का कहना है अंतरिक्ष मिशन, परमाणु परीक्षण और सुरक्षा के लिए आत्मनिर्भर होने के लिए तैयार किए गए मिसाइल कार्यक्रम के दौरान भी भारत को पश्चिम की ओर से इसी तरह की बाधाओं का सामना करना पड़ा था। एआई के क्षेत्र में भी यह प्रयास हो रहे हों, इससे इन्कार नहीं किया जा सकता है... क्योंकि यही वह तकनीक है, जो आने वाले 15 सालों में जीओपालिटिकल स्थिति को बदलने की क्षमता रखती है। आइआइटी दिल्ली से बीटेक और पीएचडी करने वाले डॉ. अरोड़ा ने इजरायल के यूनिवर्सिटी आफ यरूशलम से पोस्टडॉक्टरल किया है। शैक्षणिक योग्यता के साथ उन्हें 10 साल का लंबा औद्योगिक अनुभव भी है। वह आइआइटी दिल्ली के 'स्कूल आफ पब्लिक पालिसी' से भी जुड़े हुए हैं। दैनिक जागरण की समाचार संपादक रुमनी घोष ने डॉ. अरोड़ा से एआई के 'प्रभाव-दुष्प्रभाव और भविष्य' पर विस्तार से चर्चा की। उनका सुझाव है कि भारत को अपनी जरूरतों के हिसाब से कम लागत वाले एआई के छोटे-छोटे व कम लागत वाले माडल विकसित करने होंगे। साथ ही उम्मीद जगाई कि अगले एक से डेढ़ साल के भीतर भारत में एआई को लेकर मेडिकल क्षेत्र में व्यापक बदलाव नजर आएगा। ग्रामीण अंचलों के प्राथमिक चिकित्सालयों में एमबीबीएस डॉक्टर के साथ एआई रेडियोलाजिस्ट काम करते नजर आएंगे। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश-
क्या एआई वाकई खतरा बनने जा रहा है या वरदान साबित होगा?
- ये दोनों ही बातें अपनी-अपनी जगह सही हो सकती हैं, लेकिन इससे न डरने की जरूरत है और न ही प्रभावित होने की। देखिए, टेक्नोलाजी अपने आप में न तो रचनात्मक होती है और न ही विनाशकारी। उसका उपयोग हम कैसे करते हैं, वह उसे रचनात्मक या विनाशकारी बनाता है। एआई के साथ ही यह है। इसकी तुलना मैं 1940 के दौर में हो रहे परमाणु परीक्षण से करूंगा। क्या हमने परमाणु परीक्षण करना छोड़ दिया? नहीं, हम शोध करते रहे और हमने देश की सुरक्षा के लिए वह परीक्षण किया। तमाम प्रतिबंधों के बावजूद किया। यह हमारे देश की सुरक्षा के लिए जरूरी था। शक्ति संतुलन के लिए जरूरी था। एआई के क्षेत्र में भी हमें उसी तरह के कदम उठाने पड़ेंगे।
तो क्या यह विकसित देशों की साजिश है?
- विकसित देश, विकासशील देशों को रोकना चाहते हैं....इसमें कोई नई बात तो नहीं है। देश आजाद होने के बाद से कई मौकों पर इस तरह की स्थिति बनती हुई देखी...अनुभव किया। इसरो की स्थापना के बाद चंद्रमा पर कदम रखने से लेकर सेटेलाइट बनाने तक, परमाणु परीक्षण और मिसाइल बनाने की प्रक्रिया के दौरान भारत पर बहुत से प्रतिबंध लगाए गए हैं, लेकिन हम नहीं रुके। हमने अपनी जरूरत के हिसाब से इन क्षेत्रों में काम किया और आत्मनिर्भर हुए। एआई के क्षेत्र में भी यह करना होगा। हमारे पास दूसरा विकल्प नहीं है।
यदि यह साजिश है, तो हमारे पास इसका क्या विकल्प मौजूद है?
- साजिश है या नहीं...यह कहकर हम 'जजमेंटल' क्यों हों? यह बहुत ही सामान्य व्यवहार है। दुनिया में कोई भी देश या कंपनी चैरिटी (दान ) करने नहीं बैठा है। यदि आने वाले समय में कोई टेक्नोलाजी जीओपालिटिकल स्थिति को बदल सकती है या उसे नियंत्रित कर सकती है, तो हर देश या कंपनी उस पर अपना नियंत्रण चाहेगी। यही हो रहा है। वह सजग कर रहे हैं, तो हमें सजग रहते हुए अपनी जरूरतों और समाधान पर ध्यान देना चाहिए।
आपके हिसाब से भारत में एआई के विकास का रोडमैप कैसा होना चाहिए?
- हमें 'एआई लीडरशिप' का रोडमैप तैयार करना चाहिए।
'एआई लीडरशिप' क्या है? क्या यह वैश्विक स्तर पर विकसित एआई से अलग कोई माडल है?
- हां, एक तरह से...। जो एआई दुनिया में बन रहे हैं, उससे हटकर तकनीक विकसित करनी होगी। इस संदर्भ में मैं थोड़ा व्यापक स्तर पर जवाब देना चाहता हूं। जरूरी नहीं कि यहां बात सिर्फ एआई के बारे में हो, बल्कि सामान्य तौर पर इस तकनीक के बारे में होगी। अंततः एआई भी एक तकनीक है। यह सही है कि यह बहुत शक्तिशाली और क्रांतिकारी तकनीक है, लेकिन आखिरकार तकनीक ही है। इसे समझाने की कोशिश करता हूं...तकनीकी प्रगति का सामान्य सिद्धांत यह है कि यदि आप किसी का अनुसरण करते हैं, तो आप बेहतरीन से बेहतरीन अनुयायी बन जाएंगे, लेकिन आप उस क्षेत्र के लीडर नहीं बन पाएंगे। यदि आप नेता बनना चाहते हैं, तो आपको एक लीडर की तरह सोचना भी होगा और व्यवहार करना होगा। तो अगर हम इतिहास पर नजर डॉलें, तो पिछले 30-40 वर्षों में टेक्नोलाजी के क्षेत्र में हमारी तीन उपलब्धियां हैं। इनमें अंतरिक्ष मिशन, यूपीआइ और मिसाइल कार्यक्रम हैं। अंतरिक्ष मिशन के तहत हमने तय किया कि भारत सामाजिक-आर्थिक विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैज्ञानिक प्रगति को बढ़ावा देने जैसे रचनात्मक कार्यों और कल्याणकारी योजनाओं के लिए इसका निर्माण करेगा। ग्लोबल लीडर्स चाहते थे कि भारत क्रेडिट कार्ड्स का ही इस्तेमाल करे, ताकि वे हमारी अर्थव्यवस्था पर नियंत्रण रख सकें, लेकिन हमने यूपीआइ का एक नया विकल्प तैयार किया। आज इसके प्रसार और उपयोग दोनों में हम सबसे ऊपर हैं। मिसाइल निर्माण के क्षेत्र में भी हमने अपनी तकनीक विकसित कर खुद को आत्मनिर्भर बनाया। इसी तरह एआई के क्षेत्र में भी करना होगा।
एआई के क्षेत्र में दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियां काम कर रही हैं? एआई के कई ओपन सोर्स मौजूद हैं, भारत सहित दुनियाभर में जिनका उपयोग हो रहा है? ऐसे में हम अलग क्या बना सकते हैं?
- एआई यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लार्ज लैंग्वेज माडल (एआई एलएलएम)। इसे मल्टी लैंग्वेज माडल भी कह सकते हैं। आसान शब्दों में कहें तो यह एक ऐसा प्रोग्राम या तकनीक है, जो इंसानों की भाषा को समझने, लिखने और उस पर जवाब देने में सक्षम है। उदाहरण के तौर पर गूगल जेमिनाई या चैटजीपीटी या..क्लाड या फिर सभी एआई इसी माडल के आधार पर विकसित किए जा रहे हैं। यानी एक एआई हर विषय का जवाब दे रहा है। इसके बजाय यदि विषय या क्षेत्रवार एआई माडल विकसित करें तो इसकी लागत भी कम होगी और हमारे संसाधनों के अनुकूल भी होगी। दरअसल, यदि एआई से पूछे जाने वाले सवालों या जवाब का तुलनात्मक अध्ययन किया जाए तो यह साफ होता है कि ज्यादातर व्यक्ति अपने क्षेत्र से ही जुड़े हुए सवालों का जवाब पूछते हैं। यानी मेडिकल क्षेत्र का व्यक्ति उससे जुड़ा सवाल ही पूछेगा। सरकारी नौकरी से जुड़ा हुआ व्यक्ति अपने पेशे से जुड़ा हुआ सवाल ही पूछेगा। इंजीनियर्स अपने क्षेत्र के बारे में संवाद करेंगे। सेना का अपना 'कोड आफ लैंग्वेज' है। शिक्षक-छात्रों के बीच भी विषयवार ही संवाद होते हैं। ऐसे में एक एआई ही हर सवाल का जवाब क्यों दे? हम 'ड्रापडॉउन' (विकल्पों की सूची) क्यों नहीं देना चाहते हैं? जैसे समाज में विषय विशेषज्ञ होते हैं, वैसे हम एक्सपर्ट एआई क्यों नहीं बना सकते हैं? उदाहरण के तौर पर यदि आंखों के बारे में जानना है तो आई-एक्सपर्ट एआई का उपयोग करेंगे। यदि हार्ट की बीमारी है तो हार्ट-एक्सपर्ट एआई से सवाल-जवाब करें। शिक्षक, छात्र, साइंटिस्ट, इंजीनियर्स, मेडिकल, फार्मा आदि सभी के लिए उनके क्षेत्र से जुड़ा हुआ अलग-अलग एआई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।