जेल के अंदर पॉर्न देख रहा था रेप का दोषी प्रज्वल रेवन्ना? पूर्व सांसद के फोन में मिले दर्जनों वीडियो
जेल में बंद प्रज्वल रेवन्ना के जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिवाइस की फोरेंसिक जांच में दर्जनों पोर्न वीडियो मिले हैं।

जेल अंदर फोन पर बात करते हुए पाया गया रेवन्ना।
HighLights
प्रज्वल रेवन्ना के फोन में दर्जनों पोर्न वीडियो मिले।
क्राइम ब्रांच ने जेल में छापेमारी के दौरान फोन जब्त किया।
बेंगलुरु जेल में वीआईपी कैदियों की सुविधाओं पर सवाल।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। जेल में बंद जनता दल (सेक्युलर) के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना से जब्त किए गए मोबाइल फोन और अन्य डिवाइस की फोरेंसिक जांच में दर्जनों पोर्न वीडियो मिले हैं। पिछले महीने क्राइम ब्रांच के अधिकारियों की छापेमारी में रेप के दोषी रेवन्ना को अपनी जेल की कोठरी के अंदर मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था।
रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा का पोता और केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी का भतीजा है। रेप के मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद वह उम्रकैद की सजा काट रहा है। वह बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल में बंद है।
पिछले महीने अधिकारियों ने जेल में मारा था छापा
11 अगस्त को क्राइम ब्रांच के अधिकारियों की अचानक छापेमारी के दौरान रेवन्ना मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पाया गया था। अधिकारियों ने उस हाई-सिक्योरिटी बैरक से एक चार्जर, एक पेन ड्राइव और एक नोटबुक भी जब्त की, जहां प्रज्वल को रखा गया था।
जब्त किए गए फोन और पेन ड्राइव को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था और रिपोर्ट से पता चला है कि फोन में दर्जनों पोर्न वीडियो और पेन ड्राइव में वेब सीरीज हैं। इस मामले ने एक बार फिर बेंगलुरु की सेंट्रल जेल में वीआईपी कैदियों को मिलने वाली खास सुविधाओं पर सबका ध्यान खींचा है।
48 साल की महिला ने लगाया था रेप का आरोप
रेवन्ना को पिछले साल रेप और एक 48 वर्षीय महिला के साथ यौन उत्पीड़न के वीडियो फैलाने के आरोप में दोषी ठहराया गया था। हासन जिले के होलेनरासीपुरा में रेवन्ना परिवार के फार्महाउस पर घरेलू सहायिका के तौर पर काम करने वाली महिला ने आरोप लगाया था कि 2021 से प्रज्वल रेवन्ना ने कई बार उसका रेप किया।
उसने इस हरकत का वीडियो बना लिया था और धमकी दी थी कि अगर महिला ने किसी को इसके बारे में बताया तो वह वीडियो जारी कर देगा। रेवन्ना की सेल से फोन मिलने के बाद अधिकारियों ने जेल के एक अधिकारी को सस्पेंड कर दिया और जांच के आदेश दिए।
