मिजोरम में खाई में गिरी कार, आइजोल दूरदर्शन के डायरेक्टर और इंफाल पीआईबी के अधिकारी समेत तीन की मौत
मिजोरम के सताएक गांव के पास एक कार खाई में गिरने से केंद्र सरकार के तीन अधिकारियों की मौत हो ...और पढ़ें

मिजोरम में सड़क हादसे में केंद्र सरकार के तीन अधिकारियों की मौत (फोटो-@dipr_mizoram)
HighLights
मिजोरम में कार खाई में गिरने से तीन अधिकारियों की मौत।
दूरदर्शन निदेशक और PIB एडीजी भी मृतकों में शामिल।
शवों को पोस्टमार्टम के बाद मणिपुर उनके गृह नगर भेजा जाएगा।
डिजिटल डेस्क, आइजोल। आइजोल से लगभग 30 किलोमीटर दक्षिण में सताएक गांव के पास गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक गहरी खाई में कार गिरने से केंद्र सरकार के तीन अधिकारियों की मौत हो गई।
प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) के एक अधिकारी ने बताया कि इन लोगों में आइजोल दूरदर्शन के डायरेक्टर (न्यूज) नाम्पिबोउ मारिनमाई और इंफाल पीआईबी के एडिशनल डायरेक्टर जनरल एंगम पामे शामिल थे।
PIB अधिकारी ने बताया कि शवों के पोस्टमार्टम के बाद दूरदर्शन और पीआईबी के अधिकारियों का शव मणिपुर में उनके गृहनगर भेजा जाएगा।
हादसे में तीन अधिकारियों की मौत
अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ कम्युनिकेशन (CBC) के स्थानीय फील्ड ऑफिस के मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) सदस्य एच. लियानवेला की भी मौत हो गई।
CBC आइजोल के ड्राइवर गोजेंद्रो डे गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें आइजोल के पास फाल्कॉन स्थित जोरम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (ZMCH) में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ हादसा?
पीआईबी अधिकारी ने बताया कि ये चारों लोग सियल्सुक गांव में एडिशनल डायरेक्टर जनरल एंगम पामे के भाई की याद में पेड़ लगाने के बाद आइजोल लौट रहे थे। जनरल एंगम पामे के भाई की एक हादसे में मौत हो गई थी।
ड्राइवर को रास्ते में अचानक बेचैनी महसूस हुई और वह अपने हाथ-पैर हिलाने या आंखें खोलने में असमर्थ हो गया, जिससे गाड़ी सड़क से उतरकर खाई में गिर गई।
तीनों शवों को गुरुवार रात पोस्टमार्टम के लिए ZMCH लाया गया था। यहां आज शुक्रवार को पोस्टमार्टम होना है। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद नाम्पिबोउ मारिनमाई और जनरल एंगम पामे के शवों को मणिपुर में उनके पैतृक स्थानों पर भेजा जाएगा।
मिजोरम जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (MJA) के पदाधिकारियों ने भी गुरुवार को ZMCH जाकर शोक व्यक्त किया और तीनों अधिकारियों को श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री लालदुहोमा, मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) के अध्यक्ष जोरमथांगा और मिजोरम कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष लाल थानजारा ने शुक्रवार को इन मौतों पर शोक व्यक्त किया।
मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने कहा, 'उनका अचानक और असमय निधन एक बहुत बड़ी क्षति है और मैं उन सभी के दुख में शामिल हूं जो उनके जाने से दुखी हैं।'
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- हैदराबाद: नशे में धुत सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने पैदल चल रहे सात लोगों को गाड़ी से रौंदा, ड्राइवर गिरफ्तार
