'पंजाबियों को मत सिखाओ कि लड़ाइयां कैसे लड़ी जाती हैं' दिलजीत दोसांझ के दीपके को जवाब
दिल्ली में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में उनके बयान "पंजाबियां नू ना सिखाओ लड़ाइयां किदा लड़ना" ने सुर्खियां बटोरीं, जो अभिजीत दीपके के साथ उनके पुराने विवाद से जुड़ा था।

पंजाबियों को मत सिखाओ कि लड़ाइयां कैसे लड़ी जाती हैं।
HighLights
दिल्ली कॉन्सर्ट में दिलजीत दोसांझ ने दिया करारा बयान।
अभिजीत दीपके के साथ पुराने वैचारिक विवाद पर की टिप्पणी।
दीपके ने भावुक नोट लिखकर विवाद समाप्त करने की पहल की।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार रात धमाकेदार कॉन्सर्ट के दौरान पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने अपने सदाबहार गानों से जहां प्रशंसकों का दिल जीता, वहीं एक बयान से उन्होंने सुर्खियां भी खूब बटोरीं।
कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम लाइव सेशन के दौरान दिलजीत से कथित तौर पर दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देने को कहा गया था।
उन्होंने कथित तौर पर कहा था, 'भाई, मुझे विरोध प्रदर्शनों और ऐसी चीजों से दूर रखो। मैं एक कलाकार हूं, राजनेता नहीं।' उनकी इस 'टिप्पणी' पर पार्टी कार्यकर्ता अभिजीत दीपके ने आपत्ति जताई थी, जिसके बाद से दोनों के बीच वैचारिक तनातनी चल रही थी।
पंजाबियों को मत सिखाओ कि लड़ाइयां कैसे लड़ी जाती हैं- दिलजीत
बहरहाल, कॉन्सर्ट के बीच मंच से बिना किसी का नाम लिए दिलजीत ने तंज कसते हुए कहा कि वे सभी से प्यार करते हैं क्योंकि वे एक कलाकार हैं, लेकिन उनकी चुप्पी को कमजोरी न समझा जाए। उन्होंने कहा, "पंजाबियां नू ना सिखाओ लड़ाइयां किदा लड़ना" ("मैं चुप हूं तो मुझे चुप ही रहने दो, पंजाबियों को मत सिखाओ कि लड़ाइयां कैसे लड़ी जाती हैं")।
छोटा भाई समझकर इस बात पर मिट्टी डालिए- दीपके
इस बयान के बहु-प्रसारित होने के बाद, अभिजीत दीपके ने इंस्टाग्राम पर एक बेहद भावुक नोट लिखकर इस विवाद को खत्म करने की पहल की। दीपके ने लिखा कि जून में उनके उस बयान से उन्हें थोड़ी ठेस जरूर पहुंची थी क्योंकि वे दिलजीत को हमेशा से सच के साथ खड़े रहने वाले शख्स के रूप में देखते हैं।
शिकागो के उनके कॉन्सर्ट का जिक्र करते हुए दीपके ने ग्लोबल मंच पर देश और पंजाब की संस्कृति का नाम रोशन करने के लिए दिलजीत की तारीफ भी की। अपने संदेश के अंत में दीपके ने बड़े ही आत्मीय शब्दों में लिखा, "पाजी, एक असहमति से आदर कम नहीं होता; छोटा भाई समझकर इस बात पर मिट्टी डालिए।"
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।