राज ठाकरे की टोल टैक्स न देने के अपील
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने राज्य के लोगों से विभिन्न टोल नाकों पर वसूले जाने वाले टोल टैक्स न देने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि लोगों को टोल टैक्स देने के लिए मजबूर किया गया तो मनसे कार्यकर्ता इसका जबरदस्त विरोध करेंगे।
मुंबई। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने राज्य के लोगों से विभिन्न टोल नाकों पर वसूले जाने वाले टोल टैक्स न देने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि लोगों को टोल टैक्स देने के लिए मजबूर किया गया तो मनसे कार्यकर्ता इसका जबरदस्त विरोध करेंगे।
राज ठाकरे की इस अपील के बाद राज्य के विभिन्न टोल नाकों पर उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने टोल टैक्स का विरोध शुरू कर दिया है। इस क्रम में कुछ स्थानों पर मनसे कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी भी हुई है। राज ठाकरे ने मंगलवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वह टोल टैक्स या किसी अन्य कर की वसूली के विरोध में नहीं हैं। लेकिन लोगों को यह पता चलना चाहिए कि उनसे टोल टैक्स के रूप में वसूला जा रहा पैसा कहां खर्च हो रहा है।
राज का मानना है कि निजी भागीदारी से बनी सड़कों पर बने टोल नाकों से अब तक उस सड़क की निर्माण लागत से कई गुना ज्यादा पैसा वसूला जा चुका है। इसके बाद भी लोगों से टोल टैक्स की वसूली जारी है।
राज पिछले कुछ सप्ताह से इस वसूली का विरोध करते आ रहे हैं। उनके निर्देश पर मनसे कार्यकर्ता प्रमुख टोल नाकों की निगरानी भी कर रहे हैं। राज ने कहा है कि जब तक राज्य सरकार वसूली में पारदर्शिता नहीं लाती, लोगों को टोल टैक्स नहीं चुकाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर सरकार के साथ टकराव में हमारी कोई दिलचस्पी नहीं है। लेकिन हम सरकार से अपील करते हैं कि वह लोगों को टोल टैक्स चुकाने पर मजबूर न करे।
उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी इस अपील के बाद भी लोगों से जबरन टोल टैक्स वसूला जाता रहा तो उनके कार्यकर्ता कार्रवाई करने में भी नहीं हिचकेंगे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर