विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'ईरान की मदद नहीं कर रहे रूस और चीन', ट्रंप का दावा; रामास्वामी को बताया खास दोस्त

Published: Tue, 13 Oct 2026 10:39 PM (IST)

ट्रंप ने उन दावों को खारिज किया है कि रूस और चीन पश्चिम एशिया के सैन्य संघर्ष में ईरान की ...और पढ़ें

ट्रंप का दावा- चीन और रूस नहीं कर रहे ईरान की मदद (फोटो-रॉयटर्स)

ट्रंप का दावा- चीन और रूस नहीं कर रहे ईरान की मदद (फोटो-रॉयटर्स)

HighLights

  1. रूस-चीन ईरान की सैन्य मदद नहीं कर रहे: ट्रंप।

  2. विवेक रामास्वामी को ट्रंप ने बताया अपना 'खास दोस्त'।

  3. किम जोंग उन से मुलाकात की जताई उम्मीद।

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने उन दावों को खारिज किया है कि रूस और चीन पश्चिम एशिया के सैन्य संघर्ष में ईरान की मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि दोनों देश ऐसा कर रहे होते, तो अमेरिका को इसकी जानकारी जरूर मिल जाती।

ट्रंप ने यह भी दावा किया कि रूस और चीन के पास अमेरिका के साथ अपने संबंधों और कारोबार को दांव पर लगाने की कोई वजह नहीं है।

एएनआइ के अनुसार, अपने इंटरनेट मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने इस तरह के दावों को कट्टरपंथी वामपंथियों की टिप्पणियां बताते हुए उनकी आलोचना की। उन्होंने कहा कि तेल की कीमतें नीचे लाने के लिए रूस और चीन के साथ अच्छा कारोबार हो रहा है।

ट्रंप के मुताबिक, रूस अमेरिका और अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों टन डीजल भेजेगा, जबकि चीन 2027-28 के दौरान अमेरिका से एक करोड़ मीट्रिक टन कोयला खरीदेगा।

रामास्वामी को बताया खास दोस्त

आइएएनएस के अनुसार, ओहायो के यंग्सटाउन में एक चुनावी रैली के दौरान ट्रंप ने रिपब्लिकन उम्मीदवार और भारतवंशी विवेक रामास्वामी की जमकर तारीफ की। उन्होंने रामास्वामी को अपना बहुत अच्छा मित्र बताया। दिलचस्प बात यह है कि 2024 के राष्ट्रपति पद के प्राइमरी चुनाव में रामास्वामी ट्रंप के प्रतिद्वंद्वी रह चुके हैं।

इसके उलट, ट्रंप ने डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि कोविड महामारी के दौरान एक्टन ने स्कूलों से लेकर कारखानों तक को बंद कराने में भूमिका निभाई और वह लोगों के हथियार रखने के अधिकार के खिलाफ हैं। रामास्वामी उद्यमी और पूर्व राष्ट्रपति पद के दावेदार भी रहे हैं, जबकि एक्टन जनस्वास्थ्य से जुड़ी अधिकारी रही हैं।

इल्हान उमर की जांच से पल्ला झाड़ा

ट्रंप ने डेमोक्रेटिक सांसद इल्हान उमर के घर से जुड़ी संघीय जांच में अपनी भूमिका होने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि न्याय विभाग इस मामले को सावधानी से देख रहा है। साथ ही, उन्होंने उमर पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए उनके रवैये की आलोचना की और उनके अमेरिका आने तथा संविधान पर उनके विचारों को लेकर निशाना साधा।

सीबीएस न्यूज के अनुसार, जांच उमर के बचपन के आव्रजन दस्तावेजों से जुड़ी है। इसमें उनके दिवंगत पिता की ओर से परिवार के अमेरिका आने के समय भरे गए कागजात भी शामिल हैं। ट्रंप ने जोर देकर कहा कि इस जांच में उनका कोई दखल नहीं है।

किम जोंग उन से फिर मुलाकात की उम्मीद

ट्रंप ने अगले महीने एशिया दौरे के दौरान उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन से मिलने की इच्छा जताई है। वह फिलीपींस की राजधानी मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन और चीन में एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) सम्मेलन में हिस्सा लेने जाएंगे।

तय कार्यक्रम के मुताबिक, वह 16 नवंबर को फिलीपींस और 17 से 19 नवंबर तक चीन में रहेंगे। हालांकि, किम से संभावित मुलाकात की तारीख और स्थान स्पष्ट नहीं है। इससे पहले ट्रंप और किम तीन बार मिल चुके हैं।

यह भी पढ़ें- अमेरिका में मिड-टर्म इलेक्शन से रिपब्लिकन पर मेहरबान हुए मस्क, 276 मिलियन डॉलर का दिया चंदा