विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऑनलाइन परीक्षा में 75 प्रतिशत अंक लाने पर ही मिलेगा ड्राइविंग लाइसेंस, सरकार बदलने जा रही नियम

Published: Thu, 22 Oct 2026 06:16 PM (GMT+05:30)

सड़क परिवहन मंत्रालय ने ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ऑनलाइन परीक्षा में पास होने का न्यूनतम अंक 60% से बढ़ाकर 75% करने का प्रस्ताव किया है।

ऑनलाइन ड्राइविंग के लिए ऑनलाइन परीक्षा में 75 प्रतिशत नंबर लाना अनिवार्य

ऑनलाइन ड्राइविंग के लिए ऑनलाइन परीक्षा में 75 प्रतिशत नंबर लाना अनिवार्य

HighLights

  1. ऑनलाइन ड्राइविंग टेस्ट में 75% अंक लाना होगा अनिवार्य।

  2. आधार-सत्यापित सेवाओं पर शुल्क छूट का भी प्रस्ताव।

  3. लाइसेंस विवरण बदलने के नियम होंगे आसान, शुल्क समाप्त।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ड्राइविंग लाइसेंस लेने के लिए अब ऑनलाइन परीक्षा पास करना आसान नहीं होगा। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़े आनलाइन पाठ्यक्रम की परीक्षा में पास होने के लिए न्यूनतम अंक 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 75 प्रतिशत करने का प्रस्ताव किया है।

केंद्रीय मोटर वाहन नियमों में संशोधन के लिए मंत्रालय की ओर से जारी मसौदे के अनुसार, सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़ा यह आनलाइन पाठ्यक्रम लगभग 30 मिनट का होगा। इसके अलावा आधार से सत्यापित ऑनलाइन सेवाओं के तहत ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित कुछ चुनिंदा सेवाओं के लिए शुल्क में छूट देने का प्रस्ताव है।

मसौदे में लाइसेंस में दर्ज विवरण में बदलाव के लिए किए गए आवेदनों पर 15 दिन के भीतर निर्णय लेने का भी प्रस्ताव है। आवेदन रद किए जाने की स्थिति में इसके कारण बताने होंगे। इसके अतिरिक्त लाइसेंस में नाम और पते में बदलाव के लिए लगने वाला शुल्क समाप्त करने का प्रस्ताव है।

मसौदे के तहत पहचान, आयु और निवास के प्रमाण के रूप में आधार, पासपोर्ट, मतदाता पहचान पत्र, ई-राशन कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र जैसे दस्तावेज स्वीकार किए जा सकेंगे। इसके अलावा नए जारी किए जाने वाले और नवीनीकृत होने वाले प्रत्येक ड्राइविंग लाइसेंस को फार्म-7 के तहत लैमिनेटेड या पीवीसी कार्ड के रूप में देने का प्रस्ताव है। मंत्रालय ने मसौदा नियमों पर संबंधित पक्षों से 30 दिन के भीतर आपत्तियां और सुझाव आमंत्रित किए हैं।

सोर्स- न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के अनुसार

यह भी पढ़ें- ड्राइविंग लाइसेंस हो गया है एक्सपायर? इन 7 स्टेप्स में जानें ऑनलाइन रिन्यूअल का प्रोसेस, बचेंगे 5000 रुपए