विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कर्नाटक के नए 'बॉस' बने DK शिवकुमार, जी परमेश्वर को डिप्टी सीएम की कमान

Published: Wed, 03 Jun 2026 04:00 PM (IST)Updated: Wed, 03 Jun 2026 10:22 PM (IST)

डी. के. शिवकुमार कर्नाटक के 34वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। उनके साथ 13 कैबिनेट मंत्री भी पद और ...और पढ़ें

HighLights

  1. डी. के. शिवकुमार कर्नाटक के 34वें मुख्यमंत्री बनेंगे।

  2. उनके साथ 13 कैबिनेट मंत्री भी शपथ लेंगे।

  3. राहुल गांधी, खड़गे शपथ ग्रहण में शामिल होंगे।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कर्नाटक में पिछले कुछ महीनों से मुख्यमंत्री पद को लेकर जारी राजनीतिक अटकलों का दौर बुधवार को खत्म हो गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने राज्य की कमान संभाल ली है। वह कर्नाटक के 34वें मुख्यमंत्री हैं। उनके साथ 13 विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता जी परमेश्वर को नई सरकार में उपमुख्यमंत्री बनाया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दरमैया के बेटे यतींद्र को भी मंत्री पद मिला है। राज्य में कांग्रेस सरकार के ढाई साल पूरे होने के बाद से ही इस बात को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं कि रोटेशन के आधार पर शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा या सिद्दरमैया पद पर बने रहेंगे। आखिरकार छह महीने की सियासी खींचतान के बाद कांग्रेस हाई कमान ने शिवकुमार के नाम पर मुहर लगा दी।

वोक्कालिगा समुदाय के शिवकुमार को विगत 30 मई को कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था। राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने लोक भवन में शिवकुमार, परमेश्वर और अन्य मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्दरमैया की उपस्थिति में शिवकुमार ने संविधान की प्रति हाथ में लेकर "संत गंगाधर अज्जा" के नाम पर शपथ ली।

जी परमेश्वर ने बीआर आंबेडकर के नाम पर शपथ ली। जिन अन्य विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली, उनमें केएच मुनियप्पा, केजे जार्ज, एमबी पाटिल, रामलिंगा रेड्डी, सतीश जारकीहोली, कृष्णा बायरेगौड़ा, प्रियांक खरगे, यूटी खादर, ईश्वर खंडरे, बायराथी सुरेश और शरण प्रकाश पाटिल शामिल हैं। खादर और यतींद्र को छोड़कर बाकी सभी सिद्दरमैया की पिछली सरकार में भी मंत्री थे। खादर विधानसभा अध्यक्ष के पद से इस्तीफा देकर मंत्री बने हैं। नई सरकार में शामिल होने वाले यतींद्र एकमात्र एमएलसी हैं, बाकी सभी विधायक हैं।

शपथ ग्रहण समारोह शामिल हुए कई समुदायों के धार्मिक नेता

शपथ ग्रहण समारोह में विभिन्न मठों के प्रमुख और विभिन्न समुदायों के धार्मिक नेता भी उपस्थित थे। आमंत्रित अतिथियों में कनकपुरा के डोड्डालाहल्ली स्थित एक सरकारी स्कूल के छात्र भी शामिल थे। डोड्डालाहल्ली शिवकुमार का पैतृक गांव है। शपथ ग्रहण समारोह में श्रमिकों, नगर निगम कार्यकर्ताओं, किसान नेताओं, महिला स्वयं सहायता समूहों और कन्नड़ समर्थक संगठनों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

यह भी पढ़ें- कर्नाटक CM के शपथ ग्रहण से पहले DK शिवकुमार ने गांधी परिवार का जताया आभार, कहा- मुझमें संभावना देखी