भारत में 500 पर थम जाता है प्रदूषण का पैमाना, अमेरिका में 2000 पार पहुंचता है AQI
दीवाली की रात वायु प्रदूषण के आंकड़ों में विभिन्न मोबाइल एप्स और सरकारी पैमानों पर भारी अंतर दिखा। भारत का ...और पढ़ें
-1794247516690_m.webp)
(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
भारत का AQI पैमाना 500 पर ही रुक जाता है।
अमेरिकी AQI 2000 तक, ब्रिटिश पैमाना 10 पर समाप्त।
विभिन्न पैमानों से प्रदूषण के आंकड़े अलग दिखते हैं।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। दीवाली की रात वायु प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक था, लेकिन अलग-अलग मोबाइल एप पर इसके आंकड़े एक-दूसरे से काफी अलग नजर आए। रात 10 बजे सरकारी मानिटर ने नेहरू नगर में पीएम2.5 की मात्रा 812 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने इसका AQI 387 बताया, जबकि अमेरिकी पैमाने पर यही आंकड़ा 1469 और ब्रिटिश पैमाने पर अधिकतम 10 था। सवाल है कि जब हवा एक ही है तो उसके प्रदूषण का स्तर अलग-अलग क्यों दिखाई देता है।
भारत का एक्यूआई 500 पर ही रुक जाता है
भारत ने अप्रैल 2015 में राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लागू किया था। इसे सीपीसीबी के लिए विशेषज्ञों की समिति ने तैयार किया था, जबकि तकनीकी काम आइआइटी कानपुर ने किया था। इसके छह स्तर हैं- अच्छा (0-50), संतोषजनक (51-100), मध्यम (101-200), खराब (201-300), बहुत खराब (301-400) और गंभीर (401-500)।
पीएम2.5 के 24 घंटे के औसत के लिए 30 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक की मात्रा को अच्छा माना गया है। 60 माइक्रोग्राम तक का स्तर राष्ट्रीय मानक के अनुरूप है। इसके बाद प्रदूषण की मात्रा बढ़ने के साथ AQI भी बढ़ता है। समस्या यह है कि भारतीय सूचकांक 500 पर पहुंचने के बाद आगे नहीं बढ़ता। सीपीसीबी की गणना में पीएम2.5 की मात्रा करीब 380 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पहुंचने पर ही AQI 500 हो जाता है। इसके ऊपर प्रदूषण कितना भी बढ़ जाए, सरकारी आंकड़े में AQI 500 ही दिखाई देगा। यानी 500 एक अंतिम सीमा है, प्रदूषण की वास्तविक अधिकतम सीमा नहीं।
अमेरिकी पैमाने पर 2000 तक पहुंच सकता है AQI
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दीवाली पर कई एप पर 1000 से 2000 तक के आंकड़े दिखने की वजह अमेरिकी AQI पैमाना है। आइक्यूएयर, वर्ल्ड एयर क्वालिटी इंडेक्स और कुछ अन्य प्लेटफार्म अमेरिकी फार्मूले का इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, इनके आंकड़ों में अंतर का कारण मापन का समय और सेंसर भी हैं। कुछ प्लेटफार्म प्रति घंटे या उससे कम अवधि की रीडिंग दिखाते हैं।
अमेरिकी पर्यावरण संरक्षण एजेंसी (ईपीए) ने 2024 में पीएम2.5 के मानक और सख्त किए। अब 9 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक का स्तर अच्छा माना जाता है, जबकि 225.5 माइक्रोग्राम से ऊपर की मात्रा खतरनाक श्रेणी में आती है। अमेरिकी पैमाने पर 500 का AQI 325.4 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के बराबर है। इसके बाद भी स्कोर बढ़ता रहता है। इसी वजह से अत्यधिक प्रदूषण के दौरान आंकड़े 1000 या 2000 तक पहुंच जाते हैं।
ब्रिटेन का पैमाना 10 पर खत्म
ब्रिटेन का डेली एयर क्वालिटी इंडेक्स 1 से 10 तक होता है। इसमें चार श्रेणियां हैं- कम, मध्यम, अधिक और बहुत अधिक। पीएम2.5 का 24 घंटे का औसत 71 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर या इससे अधिक होने पर स्कोर 10 हो जाता है। इस तरह वहां भी अधिकतम स्कोर के बाद प्रदूषण की वास्तविक मात्रा जानने के लिए अलग आंकड़ा देखना जरूरी है।
AQI की तुलना ऐसे करें
AQI हवा में मौजूद प्रदूषकों की मात्रा को एक आसान स्कोर में बदलता है। अलग-अलग देशों में इसकी गणना के तरीके, प्रदूषण की श्रेणियां और औसत निकालने की अवधि अलग हैं। इसलिए केवल AQI देखकर दो देशों या दो एप के आंकड़ों की तुलना करना सही नहीं है।
बेहतर तरीका है कि पीएम2.5 की वास्तविक मात्रा (माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर) और मापन की अवधि देखी जाए। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, 24 घंटे में पीएम2.5 का औसत स्तर 15 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक नहीं होना चाहिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।