विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

EMI का जानलेवा बोझ: आईफोन की किस्त के विवाद ने ली पूरे परिवार की जान, पहाड़ी से नीचे गिरे माता-पिता और बेटा

Published: Sat, 22 Aug 2026 05:54 AM (IST)Updated: Sat, 22 Aug 2026 07:05 AM (IST)

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई।

आईफोन की किस्त के विवाद ने ली पूरे परिवार की जान (फोटो- सोशल मीडिया)

आईफोन की किस्त के विवाद ने ली पूरे परिवार की जान (फोटो- सोशल मीडिया)

HighLights

  1. मोबाइल फोन की किश्त को लेकर माता-पिता से हुई बहस के बाद पहाड़ी पर चढ़ गया युवक

  2. संतुलन बिगड़ने से बचाने गए पिता की भी पहाड़ी से गिर कर गई जान, बाद में मां ने लगा दी छलांग

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। युवक कुणाल चांदगुडे और उनके माता-पिता मुरलीधर और संगीता चांदगुडे पहाड़ी से गहरी खाई में गिरकर मारे गए। पुलिस के अनुसार, घटना की जड़ आईफोन की ईएमआई को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद था।

पुलिस ने बताया कि कुणाल ने आईफोन खरीद लिया था, लेकिन उसकी मासिक किस्तें चुकाने में असमर्थ था। वह परिवार से पैसे मांग रहा था। ताजा ईएमआई भुगतान को लेकर पिता से तीखी बहस के बाद गुस्से में कुणाल सुबह करीब 10 बजे घर छोड़कर तिसगांव इलाके की खवल्या (खवाड्या) पहाड़ी पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। यह इलाका वालुज एमआईडीसी पुलिस स्टेशन की सीमा में आता है।

करीब तीन घंटे तक स्थानीय लोग, पूर्व सरपंच संजय जाधव, पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवान उसे समझाने की कोशिश करते रहे। कुछ लोगों ने आईफोन 15 प्रो दिलाने का वादा भी किया। वायरल वीडियो में दिखता है कि लोग कहते हैं कि अपनी मां के लिए जीओ, लेकिन कुणाल का जवाब था, नहीं, मुझे मरना ही है। यही एकमात्र रास्ता बचा है।

इस बीच स्थानीय ग्रामीण, पुलिसकर्मी और दमकल विभाग के अधिकारी भी बचाव के लिए मौके पर एकत्र हो गए। दमकलकर्मियों ने पहाड़ी के नीचे सुरक्षा जाल बिछाने की कोशिश की, लेकिन कुणाल चट्टान के किनारे अपनी जगह बदलता रहा, जिससे उनकी कोशिशें नाकाम हो गईं।

दोपहर करीब एक बजे इस मामले में नया मोड़ तब आ गया, जब मुरलीधर अपने बेटे को समझाने के लिए उसके करीब गए, लेकिन कुणाल खड़ी पहाड़ी से कूद गया। मुरलीधर ने उसे बचाने की बहुत कोशिश की, लेकिन इस दौरान उनका भी संतुलन बिगड़ गया और वे भी पहाड़ी से नीचे गिर गए।

एक अधिकारी ने बताया कि अपने पति और बेटे को गिरकर मरते हुए देखकर संगीता ने भी कुछ ही देर बाद पहाड़ी से छलांग लगा दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शवों को बरामद कर लिया है।