दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में लिखा- खालिस्तान जिंदाबाद
पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को भेजे गए ईमेल में 'खालिस्तान जिंदाबाद' के नारे के साथ IED ब्लास्ट की चेतावनी दी गई है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।

दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी। (फाइल फोटो @diljitdosanjh)
HighLights
दिलजीत दोसांझ के बेंगलुरु कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी।
धमकी भरा ईमेल धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को भेजा गया।
ईमेल में 'खालिस्तान जिंदाबाद' का नारा और IED ब्लास्ट की चेतावनी।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के 29 नवंबर को बेंगलुरु में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह ईमेल धारवाड़ पुलिस कमिश्नर को मिला है। पुलिस कमिश्नर को भेजे गए एक धमकी भरे ईमेल में कार्यक्रम स्थल पर IED ब्लास्ट की चेतावनी दी गई है।
इस धमकी भरे ईमेल के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। पुलिस अब इस धमकी भरे ईमेल की सत्यता जांचने और भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, इस धमकी भरे ईमेल में 'खालिस्तान जिंदाबाद' के नारे के साथ मादवारा स्थित NICE रोड ग्राउंड पर बम हमले की चेतावनी दी गई है, जहां यह कॉन्सर्ट होना है। ईमेल भेजने वाले ने शो में शामिल होने वाले दर्शकों को भी हिदायत दी है कि वे अपने साथ बच्चों को न लाएं, आईफोन पर आने वाली कॉल न उठाएं और मेट्रो से सफर न करें।
अहमदाबाद शो में चोरी करने दिल्ली से आए थे शातिर
बता दें कि बेंगलुरु शो को मिली यह धमकी ऐसे समय में सामने आई है, जब अहमदाबाद पुलिस ने दिलजीत दोसांझ के पिछले कॉन्सर्ट से महंगे मोबाइल फोन चुराने वाले दिल्ली के एक गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपी खास तौर पर नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आयोजित शो में चोरी करने के इरादे से अहमदाबाद आए थे। लोकल क्राइम ब्रांच ने इन्हें दबोचकर इनके पास से 4.3 लाख रुपये कीमत के 11 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस को आशंका है कि ये दोनों चोरी की करीब छह अन्य वारदातों में भी शामिल रहे हैं।
प्रीमियम टिकट खरीदकर प्रीमियम दर्शकों को बनाया निशाना
आरोपियों ने प्रीमियम सेक्शन में प्रवेश के लिए बाकायदा 'गोल्ड' कैटेगरी के महंगे टिकट खरीदे थे, क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि वहां आने वाले दर्शकों के पास हाई-एंड स्मार्टफोन होंगे। शो के दौरान स्टेडियम के कंट्रोल रूम में कई लोगों ने फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की और एग्जिट गेटों पर जवानों को तैनात कर दिया।
पुलिस को देखकर भाग रहे संदिग्धों को पीछा करके पकड़ लिया गया, आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी मोहम्मद गुलज़ार और अशरफ हुसैन इदरीसी के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे प्रीमियम कैटेगरी के दर्शकों के महंगे फोन चुराने के लिए ही दिल्ली से यहां आए थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।