प्रत्येक छात्र तक NCERT पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता कराई जाए सुनिश्चित, शिक्षा मंत्री का निर्देश
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए समीक्षा बैठक की।

शिक्षा मंत्री का निर्देश। (फाइल)
HighLights
प्रत्येक छात्र तक एनसीईआरटी पुस्तकें पहुंचाना सुनिश्चित करें।
जरूरत पड़ने पर मुद्रण क्षमता को और बढ़ाएं।
ई-पाठशाला से डिजिटल पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराएं।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद भी एनसीईआरटी की नई पाठ्यपुस्तकों के उपलब्ध न होने से जुड़ी शिकायतों पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मंगलवार को सक्रिय दिखे। उन्होंनें इसे लेकर मंत्रालय व एनसीईआरटी के आला अधिकारियों के साथ पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता, वितरण और छपाई आदि को लेकर लंबी समीक्षा बैठक की।
साथ ही निर्देश दिया है कि प्रत्येक छात्र तक एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों की उपलब्धता को सुनिश्चित कराया जाए। जरूरत पड़े तो मुद्रण क्षमता को और बढ़ाया जाए।
केंद्रीय मंत्री प्रधान ने कहा कि पुस्तकों को अंतिम छोर पर रहने वाले प्रत्येक बच्चों तक समय के भीतर पहुंचायी जाए। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों तक इसका वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी छात्र को पाठ्यपुस्तकों के मिलने में बिलंब के कारण असुविधा न हो, इसका भी पूरा ध्यान रखा जाए। वितरण व्यवस्था पर बारीकी से नजर रखी जाए।
वहीं जब तक सभी छात्रों तक भौतिक रूप से पाठ्यपुस्तकें नहीं पहुंच जाती है, तब तक निर्बाध शिक्षण सुनिश्चित करने के लिए ई-पाठशाला के माध्यम से डिजिटल पाठ्य पुस्तक के जरिए पढ़ाई कराई जाए।
शिक्षा मंत्री ने एनसीईआरटी की आने वाली नई पाठ्यपुस्तकों की प्रगति की भी जानकारी ली। साथ ही उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के पूरा होते ही जल्द ही छात्रों को मुहैया कराने के भी निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में स्कूली शिक्षा सचिव संजय कुमार सहित मंत्रालय व एनसीईआरटी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।