परिसीमन विधेयक को लेकर इंडी गठबंधन की कड़ी परीक्षा, स्टालिन और पवार से अलग-अलग मुलाकात करेंगे खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे चेन्नई में डीएमके प्रमुख स्टालिन और मुंबई में एनसीपी (एसपी) अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात करेंगे।

मल्लिकार्जुन खरगे चेन्नई में स्टालिन तो मुंबई में शरद पवार से मिलेंगे। (फाइल फोटो।)
HighLights
खरगे चेन्नई में स्टालिन, मुंबई में पवार से करेंगे मुलाकात।
इंडी गठबंधन में परिसीमन विधेयक पर मतभेद हुए उजागर।
डीएमके, एनसीपी (एसपी) ने विधेयक का किया है समर्थन।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रविवार को चेन्नई में डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और मुंबई में एनसीपी (एसपी) अध्यक्ष शरद पवार से मुलाकात करने वाले हैं। यह मुलाकात ऐसे समय में हो रही है जब केंद्र के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को लेकर इंडी (INDI) गठबंधन के सहयोगियों के बीच मतभेद सामने आ रहे हैं।
न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, बैठकों के दौरान कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी खरगे के साथ मौजूद रहने की संभावना है। यह पहल तब सामने आई है जब डीएमके और एनसीपी (एसपी) ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है।
सहयोगियों से तालमेल बिठाने की कांग्रेस की कोशिश
घटनाक्रम ने इस कानून पर विपक्षी गठबंधन के साझा रुख को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं और कांग्रेस अपने सहयोगियों के साथ तालमेल बिठाने की कोशिश कर रही है।
डीएमके सांसद कनिमोझी ने कहा कि उनकी पार्टी ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है, क्योंकि उनकी मांगों को प्रस्तावित कानून में शामिल कर लिया गया है। इन मांगों में संसदीय प्रतिनिधित्व को अगले 25 वर्षों तक यथावत रखना भी शामिल था।
डीएमके का रुख
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए डीएमके सांसदों ने कहा कि पार्टी को यह आश्वासन मिला है कि 1971 की जनसंख्या के आंकड़ों के आधार पर तमिलनाडु की लोकसभा सीटों को 39 से बढ़ाकर 59 कर दिया जाएगा और यह व्यवस्था अगले 25 वर्षों तक यथावत रहेगी।
इससे पहले स्टालिन ने कहा कि डीएमके अगले 25 वर्षों के लिए तमिलनाडु के संसदीय प्रतिनिधित्व की रक्षा करने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इस मुद्दे को एक दूरदर्शी सोच के साथ देखा है। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि परिसीमन का दक्षिणी राज्यों पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर चिंता जताने वाली पहली पार्टी डीएमके थी।
राहुल गांधी ने क्या कहा?
इस बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इंडी गठबंधन के भीतर अलग-अलग सहयोगियों के रुख को लेकर मतभेदों की संभावना को कम करके आंकने की कोशिश की। यह पूछे जाने पर कि क्या एनसीपी (एसपी) के बिल का समर्थन करने से विपक्षी गठबंधन में शरद पवार की स्थिति बदल जाएगी, गांधी ने कहा, "गठबंधन में उनकी जो स्थिति है, वही रहेगी। अगर वे बिल का समर्थन करते हैं तो भी गठबंधन में उनकी स्थिति बदलने वाली नहीं है।"
डीएमके के रुख पर राहुल गांधी ने इस मुद्दे को लोकतंत्र की लड़ाई बताया और टीडीपी सहित एनडीए के सहयोगियों से अपील की। साथ ही उन्होंने दावा किया कि बीजेपी के खिलाफ जनता का गुस्सा बढ़ रहा है।
प्रस्तावित कानून पर विपक्षी गठबंधन की प्रतिक्रिया का आकलन करने और इसके प्रमुख सहयोगियों के बीच तालमेल बनाए रखने के लिए स्टालिन और पवार के साथ खरगे की मुलाकातें महत्वपूर्ण साबित हो सकती हैं।
यह भी पढ़ें: 'लोकसभा की सीटों में कोई बदलाव न हो, 25 साल तक लागू रहे व्यवस्था'; परिसीमन पर INDI गठबंधन की मांगें
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।