'पिक्चर अभी बाकी है', परिसीमन बिल रोकने के लिए क्या INDI गठबंधन के पास तैयार है प्लान बी?
संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन बिल को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है, जहां सरकार इसे पास कराने की कोशिश में है वहीं विपक्ष इसे रोकने के लिए एकजुट हो रहा है।

परिसीमन बिल रोकने के लिए क्या INDI गठबंधन के पास तैयार है प्लान बी?(फोटो: एएनआई)
HighLights
परिसीमन बिल पर संसद के विशेष सत्र से पहले सियासी पारा तेज।
जयराम रमेश के बयान से विपक्षी खेमे में हलचल बढ़ी।
सदन में बिल पास कराने के लिए बहुमत का पेचीदा गणित।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले डिलिमिटेशन से जुड़े बिल को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। सरकार जहां संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 को पास कराने के लिए जरूरी आंकड़े जुटाने का दावा कर रही है, वहीं विपक्ष इसे रोकने के लिए हर संभव दांव चल रहा है।
इसी खींचतान के बीच कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक रहस्यमय पोस्ट लिखकर राजनीतिक हलचल तेज कर दी कि पिक्चर अभी बाकी है, ब्रो।
जयराम रमेश के इस बयान के साथ ही विपक्षी नेताओं ने अपने सहयोगी दलों को एकजुट करने के लिए मैराथन बैठकें शुरू कर दी हैं। हालांकि, डीएमके और एनसीपी (शरद पवार) जैसे सहयोगियों के रुख ने विपक्ष की राह में बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है।
सदन में बहुमत का पेचीदा गणित
संविधान संशोधन विधेयक को पास कराने के लिए सदन की कुल सदस्यता का बहुमत और मतदान करने वाले सदस्यों का कम से कम दो-तिहाई समर्थन जरूरी होता है।
लोकसभा में इस समय 540 मौजूदा सदस्य हैं। यदि सभी 540 सांसद वोट डालते हैं, तो सरकार को विधेयक पास कराने के लिए 360 वोटों की जरूरत होगी।
अगर डीएमके के 22, एनसीपी (शरद पवार) के 8 और वाईएसआरसीपी के 4 सांसद सरकार का साथ देते हैं, तो भी एनडीए का आंकड़ा लगभग 354 तक ही पहुंचता है, जो बहुमत से 6 वोट कम है। लेकिन खेल यहीं पलट सकता है।
यदि 10 सांसद मतदान से गैरहाजिर रहते हैं या वोट नहीं डालते हैं, तो वोटिंग करने वालों की संख्या 530 रह जाएगी और दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा घटकर 354 पर आ जाएगा।
यही वजह है कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी ने अपने सांसदों को सदन में मौजूद रहने के लिए व्हिप जारी किया है।
टीएमसी के 20 बागी सांसदों पर फंसा पेंच
इस सियासी गणित में सबसे बड़ा मोड़ तब आया जब टीएमसी(ममता) के लोकसभा नेता अभिषेक बनर्जी ने स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर अपनी ही पार्टी के 20 बागी सांसदों को वोटिंग से रोकने की मांग की।
काकोली घोष दस्तीदार के नेतृत्व वाले इन 20 सांसदों ने खुद को नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में विलय करने का दावा किया है और लोकसभा में उनके बैठने की अलग व्यवस्था की गई है।
टीएमसी ने जून में ही दलबदल विरोधी कानून के तहत इन सांसदों की सदस्यता रद करने की याचिका दायर की थी, जो अभी लंबित है। अभिषेक बनर्जी का कहना है कि जब तक अयोग्यता पर फैसला नहीं हो जाता, उन्हें वोटिंग की इजाजत नहीं मिलनी चाहिए। अब अंतिम फैसला स्पीकर को लेना है, जिसका सीधा असर सदन के नंबर गेम पर पड़ेगा।
चेन्नई में स्टालिन की दो टूक और मुंबई में पवार से मुलाकात
विपक्ष के लिए सबसे बड़ा झटका तमिलनाडु से आया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और ममता बनर्जी समेत इंडिया गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं ने रविवार को चेन्नई में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मुलाकात की।
राहुल गांधी ने अपील की कि लोकसभा सीटें बढ़ाकर 850 करने से लोकतंत्र कमजोर होगा और बीजेपी को चुनावी नक्शा बदलने की खुली छूट मिल जाएगी। हालांकि, एक घंटे से ज्यादा चली बैठक के बाद भी स्टालिन अपने फैसले से पीछे नहीं हटे।
उन्होंने साफ कर दिया कि संशोधित प्रस्ताव में 2051 तक राज्यों के मौजूदा सीट अनुपात को सुरक्षित रखा गया है, इसलिए तमिलनाडु के हित में उनकी पार्टी इस बिल का समर्थन करेगी।
चेन्नई के बाद विपक्षी नेताओं का प्रतिनिधिमंडल मुंबई पहुंचा और अस्पताल में भर्ती शरद पवार से मुलाकात की। पवार की पार्टी के 8 सांसद हैं और पार्टी ने बिल के समर्थन के संकेत दिए हैं, हालांकि सुप्रिया सुले इस बैठक में मौजूद नहीं थीं। उधर, शरद पवार के पोते रोहित पवार ने सुप्रिया सुले को खुला पत्र लिखकर बिल का विरोध करने की अपील की है।
जेएमएम, उद्धव गुट और दुबई में भर्ती सांसद पर नजर
झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने अभी अपने पत्ते नहीं खोले हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची में पार्टी सांसदों के साथ बैठक की है। पार्टी का कहना है कि वह विधेयक का अध्ययन कर रही है और अगर इसमें आदिवासी सीटों में उचित बढ़ोतरी होती है, तो वह इस पर विचार करेगी।
दूसरी ओर, उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) ने भी अपने सांसदों को व्हिप जारी कर दिल्ली बुलाया है। पार्टी के टिकट पर जीते 6 सांसद पहले ही एकनाथ शिंदे गुट में जा चुके हैं, जिनके खिलाफ कानूनी विवाद जारी है।
इस बीच, कांग्रेस के केरलम से सांसद के. सुधाकरन दुबई के एक अस्पताल में भर्ती हैं। उनके परिवार ने आरोप लगाया है कि अस्पताल जानबूझकर उनकी छुट्टी में देरी कर रहा है ताकि वे संसद की वोटिंग में हिस्सा न ले सकें।
सदन के भीतर और बाहर लंबी लड़ाई की तैयारी
विपक्ष की रणनीति सिर्फ वोटिंग तक सीमित नहीं है। सीपीआई सांसद पी. संदोष कुमार ने विधेयक को हराने के लिए किसी गोपनीय 'प्लान बी' का जिक्र किया है। सोमवार से शुरू हो रहे सत्र में विपक्ष इस विधेयक को संसदीय समिति के पास भेजने की मांग कर सकता है।
इसके अलावा, अगर यह संविधान संशोधन विधेयक संसद से पास हो भी जाता है, तो संविधान के अनुच्छेद 368 के तहत इसे लागू करने के लिए कम से कम आधे राज्यों की विधानसभाओं की मंजूरी जरूरी होगी। यानी संसद के बाद यह सियासी संग्राम राज्यों की विधानसभाओं तक खिंचना तय माना जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।