विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बदल जाएगा लोकसभा का गणित, परिसीमन के बाद 543 से बढ़कर 816 होंगी सीटें; यूपी सबसे आगे, किस राज्य को मिलेंगी कितनी सीटें?

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:46 PM (GMT+05:30)Updated: Sat, 28 Nov 2026 07:52 PM (GMT+05:30)

परिसीमन के बाद लोकसभा की तस्वीर कितनी बदल जाएगी? कुल सांसद कितने होंगे और सबसे बड़ा सवाल किस राज्य से कितने सांसद होंगे? आइए जानते हैं।

लोकसभा (तस्वीर-PTI)

लोकसभा (तस्वीर-PTI)

HighLights

  1. लोकसभा सीटें 543 से बढ़कर 816 होंगी।

  2. महिलाओं को 2029 चुनावों में 33% आरक्षण मिलेगा।

  3. उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक 120 लोकसभा सीटें होंगी।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शनिवार को सोशल मीडिया पर एक खास इन्फोग्राफिक साझा किया। इसमें उन्होंने बताया कि नए परिसीमन के बाद देश की लोकसभा कैसी दिखेगी। केंद्र सरकार के इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा की कुल सीटें 50 फीसदी बढ़कर मौजूदा 543 से 816 हो जाएंगी।

मेघवाल ने बताया कि केंद्रीय कैबिनेट द्वारा परिसीमन संशोधन विधेयक को दी गई मंजूरी 2029 के लोकसभा चुनावों में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।

किस राज्य में कितनी बढ़ेंगी लोकसभा सीटें?

केंद्रीय मंत्री की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, इस नए फॉर्मूले के तहत लगभग सभी राज्यों की सीटों में 50 फीसदी तक का इजाफा होगा। उत्तर प्रदेश 120 सीटों के साथ देश में सबसे आगे रहेगा।

राज्य / केंद्र शासित प्रदेश मौजूदा सीटें परिसीमन के बाद नई सीटें
उत्तर प्रदेश 80 120
महाराष्ट्र 48 72
पश्चिम बंगाल 42 63
बिहार 40 60
तमिलनाडु 39 59
मध्य प्रदेश 29 43
कर्नाटक 28 42
गुजरात 26 39
राजस्थान 25 38
आंध्र प्रदेश 25 38
ओडिशा 21 31
केरल 20 30
तेलंगाना 17 26
असम 14 21
दिल्ली 7 11
जम्मू और कश्मीर 5 7

पूर्वोत्तर और केंद्र शासित प्रदेशों की क्या होगी स्थिति?

देखिए परिसीमन के बाद छोटे राज्यों का प्रतिनिधित्व भी बढ़ेगा। अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा की सीटें 2 से बढ़कर 3-3 हो जाएंगी। वहीं नागालैंड, मिजोरम और सिक्किम में 1 की जगह 2-2 सीटें होंगी।

अन्य केंद्र शासित प्रदेश की कैसी होगी स्थिती?

बात अब केंद्र शासित प्रदेशों की करें तो चंडीगढ़ और पुडुचेरी की सीटें 1 से बढ़कर 2-2 हो जाएंगी। हालांकि लद्दाख, लक्षद्वीप, दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह की सीटों में कोई बदलाव नहीं होगा।

क्या है नया परिसीमन बिल और इसका फॉर्मूला?

गौरतलब है कि इस विधेयक के जरिए कानून में संशोधन कर लोकसभा की सीटों में 50% की बढ़ोतरी की जा रही है और सदन की अधिकतम क्षमता को बढ़ाकर 850 करने का प्रावधान है।

अहम बात यह है कि संसदीय क्षेत्रों की सीमाएं 2011 की जनगणना के आधार पर नए सिरे से तय की जाएंगी, लेकिन 2051 तक सभी राज्यों की सीटों का आपसी अनुपात 1971 की जनसंख्या के हिसाब से ही सुरक्षित रखा जाएगा। इसकी वजह है कि किसी राज्य को आबादी नियंत्रण का नुकसान न हो।

महिला आरक्षण का रास्ता साफ

इसके अलावा इस पूरी कवायद का मुख्य मकसद 2029 के आम चुनावों से पहले लोकसभा और राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण लागू करना है। मेघवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि यह केवल एक कानूनी सुधार नहीं है, बल्कि समावेशी लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण में 'नारी शक्ति' को उसका हक दिलाने का एक निर्णायक संकल्प है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।