विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-NCR की सड़कों पर दौड़ रहे 23.6 लाख ओवरएज वाहन, CAQM ने सुप्रीम कोर्ट में दी जानकारी

Published: Tue, 24 Nov 2026 04:17 PM (IST)

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि दिल्ली-NCR में 23.6 लाख से अधिक ओवरएज वाहन अभी भी सड़कों पर चल रहे हैं, जो वायु प्रदूषण का एक बड़ा कारण हैं।

दिल्ली-NCR में जहर घोल रहे 23.6 लाख ओवरएज वाहन (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

दिल्ली-NCR में जहर घोल रहे 23.6 लाख ओवरएज वाहन (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. दिल्ली-NCR में 23.6 लाख ओवरएज वाहन सक्रिय।

  2. पुराने वाहन BS-VI से कई गुना ज्यादा जहरीले।

  3. 2026 से दिल्ली में पुराने वाहनों पर प्रतिबंध।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने सुप्रीम कोर्ट में एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। आयोग ने कोर्ट को बताया है कि दिल्ली-NCR की सड़कों पर अभी भी 23.6 लाख से ज्यादा ऐसे वाहन चल रहे हैं, जिनकी कानूनी समय-सीमा समाप्त हो चुकी है।

बता दें कि ये वे गाड़ियां हैं जो अपनी तय उम्र पूरी कर चुकी हैं, फिटनेस टेस्ट में फेल हो गई हैं, जिनका रजिस्ट्रेशन रद हो चुका है, या जो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण कानूनी तौर पर सड़क पर चलने के योग्य नहीं हैं।

आंकड़ों में समझें पूरा गणित

मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कुल 25.4 लाख ओवरएज वाहन दर्ज किए गए हैं। इनमें से अब तक केवल 1.85 लाख वाहनों को ही स्क्रैप किया गया है या उन्हें दूसरे राज्यों में ले जाने के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी किया गया है। बाकी वाहन अभी भी प्रदूषण फैला रहे हैं।

दोपहिया वाहनों की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा

CAQM के मुताबिक, दिल्ली-NCR में कुल वाहनों में 65.2 प्रतिशत हिस्सेदारी दोपहिया वाहनों की है, जबकि 28.9 प्रतिशत हल्के चारपहिया वाहन हैं। आयोग ने कोर्ट को बताया कि नए BS-VI मानक वाले वाहनों की तुलना में ये पुराने वाहन कई गुना ज्यादा जहरीला धुआं छोड़ते हैं, जो हवा को खराब करने का बड़ा कारण है।

प्रदूषण रोकने के लिए उठाए गए सख्त कदम

इसके अलावा वायु प्रदूषण से जुड़े एक मामले में दाखिल हलफनामे में आयोग ने बताया कि हवा को साफ रखने के लिए कड़े नियम लागू किए गए हैं।

बसों पर सख्ती- 1 नवंबर, 2026 से दिल्ली में केवल CNG, इलेक्ट्रिक या BS-VI डीजल वाली इंटर-सिटी बसों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है। इसमें ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट वाली बसें भी शामिल हैं।

मालवाहक वाहनों पर रोक- 1 नवंबर, 2026 से ही BS-VI, CNG, LNG और इलेक्ट्रिक वाहनों को छोड़कर अन्य सभी पुराने कमर्शियल मालवाहक वाहनों की दिल्ली में एंट्री पूरी तरह बंद कर दी गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।