शुरू हो गए नई सरकार के गठन के कयास
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली विधानसभा के लिए बुधवार को हुए मतदान का चुनाव परिणाम रविवार को आएगा लेकिन शहर में नई सरकार के गठन को लेकर कयासों का सिलसिला अभी से शुरू हो गया है। चुनाव बाद कराए गए विभिन्न एग्जिट पोल में भाजपा का पलड़ा भारी दिखाया गया है। कांग्रेस को भारी नुकसान होता हुआ दिखाया गया है ज
नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली विधानसभा के लिए बुधवार को हुए मतदान का चुनाव परिणाम रविवार को आएगा लेकिन शहर में नई सरकार के गठन को लेकर कयासों का सिलसिला अभी से शुरू हो गया है। चुनाव बाद कराए गए विभिन्न एग्जिट पोल में भाजपा का पलड़ा भारी दिखाया गया है। कांग्रेस को भारी नुकसान होता हुआ दिखाया गया है जबकि पहली बार चुनाव मैदान में उतरी आम आदमी पार्टी को भी करीब डेढ़ दर्जन सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
दिलचस्प यह है कि भाजपा तो स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाने का दावा अभी से करने लगी है, तो कांग्रेस ने भी अभी हार नहीं मानी है। आम आदमी पार्टी भी बड़ी संख्या में सीटें जीतने की बात कह रही है। भाजपा के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार डा. हर्षवर्धन ने दावा किया कि दिल्ली की जनता ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया है और पार्टी भारी बहुमत से सरकार बनाएगी। दूसरी ओर मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने तमाम चुनावी सर्वेक्षणों व एग्जिट पोल को खारिज करते हुए विश्वास जताया कि दिल्ली में लगातार चौथी बार कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि बस आठ दिसंबर तक इंतजार कर लीजिए। आम आदमी पार्टी ने उसे भारी समर्थन देने के लिए दिल्ली के लोगों का आभार जताया है। पार्टी नेता भारी जीत का दावा भी कर रहे हैं।
पढ़ें: दिल्ली में दिल खोलकर मतदान
एक्जिट पोल में भाजपा की पौ बारह
दिल्ली में बुधवार को हुए मतदान में मुकाबला त्रिकोणात्मक होता दिखा। तमाम मतदान केंद्रों के बाहर कांग्रेस व भाजपा के अलावा आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं व उनके समर्थकों की भीच्अच्छी मौजूदगी दर्ज की गई। ऐसे में माना यह जा रहा है कि कई सीटों पर आम आदमी पार्टी की बेहद मजबूत स्थिति हो सकती है।
सियासी जानकारों की मानें तो दिल्ली में अब तक स्पष्ट जनादेश का चलन रहा है। कांग्रेस अथवा भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिलता रहा है। यदि ऐसा नहीं होता है और त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति बनती है तो अगली सरकार की तस्वीर आम आदमी पार्टी ही तय करेगी।
*****
मुझे विश्वास है कि कांग्रेस लगातार चौथी बार सरकार बनाने जा रही है। मेरा चुनाव सर्वेक्षण पर विश्वास नहीं है। -शीला दीक्षित, मुख्यमंत्री
बोटिंग ट्रेंड से साफ है कि भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलेगा। दो तिहाई सीट पर जीत हासिल होगी। -डां. हर्षवर्धन, भाजपा
चुनाव में साथ देने के लिए लोगों का शुक्रगुजार हूं। वादा करता हूं कि पार्टी उनकी उम्मीद पर खरा उतरेगी। -अरविंद केजरीवाल, आप
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर