सशक्त हुआ भारतीय नेवी: वॉरशिप नीलगिरी लांच, सेना को सौंपी गई सबमरीन INS खंडेरी
भारतीय नौसेना को मजबूत बनाने की दिशा में आज रक्षामंत्री ने प्रोजेक्ट 17 अल्फा (P17A) के पहले वॉरशिप नीलगिरी को लांच किया साथ ही सेना को सबमरीन INS खंडेरी सौंपा।
मुंबई, एएनआइ। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने शनिवार को वॉरशिप ‘नीलगिरी’ (Warship Nilgiri) को लांच किया। यह प्रोजेक्ट 17 अल्फा (P17A) का पहला वॉरशिप है। रक्षा मंत्री और नौसेना (Navy) प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह की मौजूदगी में मुंबई डॉकयार्ड पर ड्रायडॉक का भी उद्घाटन किया गया। इसके साथ आइएनएस खंडेरी (INS Khanderi) को भी नौसेना को सौंप दिया गया।
रक्षामंत्री ने कहा, 'इस सबमरीन (Submarine) की प्रेरणा खतरनाक स्वोर्ड टूथ फिश (मछली की एक प्रजाति) से ली गई है। यह मछली गहरे समुद्र में तैरकर शिकार करती है।' वहीं नीलगिरी के लांच के मौके पर रक्षा मंत्री ने कहा, ‘भारत बड़ा देश है और इसके पास विशाल समुद्री क्षमता है। हमारे पास करीब 7500 किमी तक फैला तटीय इलाका है। एक छोटा व्यवधान हमारे बड़े हितों को नुकसान पहुंचा सकता है इसलिए हम नौसेना को इतना महत्व दे रहे हैं।’
उन्होंने आगे कहा कि देश में रक्षा क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में वॉरशिप की लांचिंग बेहतर निर्णय है। भारत अब उन देशों में से है जहां सबमरीन और जहाजों को निर्माण देश में ही होता है। भारत को 5 ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था वाला देश बनाना हमारा लक्ष्य है। हमारा लक्ष्य है कि वर्ष 2027 तक हम 70 फीसद रक्षा उत्पादन स्वदेश में करें।
यह भी पढ़ें: तेजस में उड़ान भरेंगे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नेवी की कई परियोजनाओं को करेंगे लांच