हैदराबाद के एक घर से टुकड़ों में मिली लाश
पुलिस उपायुक्त (वालानगर जोन) वाईसाई शेखर ने गुरुवार को बताया कि मकान मालिक ने घर से बदबू आने की शिकायत की थी।
हैदराबाद, प्रेट्र: महानगर के चंद्रनगर इलाके स्थित एक घर से अज्ञात व्यक्ति की टुकड़ों में लाश मिली है। पुलिस के अनुसार करीब 30 साल के एक शख्स का शव कई टुकड़ों में काटकर घर में रखा गया था। सिर एक बोरे में था, जबकि शरीर के अन्य हिस्से एक कमरे की अलग-अलग अलमारियों में रखे थे।
पुलिस उपायुक्त (वालानगर जोन) वाईसाई शेखर ने गुरुवार को बताया कि मकान मालिक ने घर से बदबू आने की शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस बुधवार रात घर के उस हिस्से में पहुंची, जिसे मकान मालिक ने किराये पर दिया हुआ था। दरवाजा खोलने पर कमरे के फर्श पर खून के गहरे धब्बे दिखे। वहीं एक बोरे में युवक का सिर मिला। कमरे में अलमारियों के पास के कुछ हिस्से में नया प्लास्टर किया गया था। उसे उखाड़ने पर उसमें धड़, पैर और हाथ मिले। घटनास्थल से एक आरी भी बरामद हुई है। शव की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है।
डीसीपी ने बताया कि कमरे में विवेक वी झा और भानु कुमार झा नाम के दो पहचान-पत्र मिले हैं। दोनों ने करीब साल भर पहले घर का यह हिस्सा किराये पर लिया था। लेकिन एक हफ्ते से वे कमरे में नहीं थे। मूल रूप से बिहार के रहने वाले विवेक और भानु यहां एक कंपनी में नौकरी करते थे।