आम आदमी पार्टी के नेता की हुई मौत, पार्टी की बैठक में शामिल होने के बाद रेलवे पुल के नीचे मिला शव
आम आदमी पार्टी के नेता लखनऊ में आयोजित पार्टी की विशेष बैठक में आमंत्रित किया गया था। शनिवार को वह पुष्पक एक्सप्रेस से लखनऊ गए थे।
बीना, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रदेश सह संयोजक मुरारी जैन का शव सोमवार सुबह बीना-झांसी रेलवे ट्रैक पर नरेन नदी के पुल के नीचे मिला। वह शनिवार को लखनऊ में आयोजित पार्टी की बैठक में शामिल होने के बाद रविवार को पुष्पक एक्सप्रेस से ललितपुर लौट रहे थे।
61 वर्षीय मुरारी जैन उत्तर प्रदेश में ललितपुर जिले के जाखलौन के रहने वाले थे। उनके भतीजे विवेक जैन ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके पास आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह का फोन आया था। उन्हें लखनऊ में आयोजित पार्टी की विशेष बैठक में आमंत्रित किया गया था। शनिवार को वह पुष्पक एक्सप्रेस से लखनऊ गए थे। रविवार को बैठक होने के बाद वह लखनऊ-मुंबई के बीच चलने वाली पुष्पक एक्सप्रेस से ललितपुर आ रहे थे। बी-1 कोच में एक नंबर बर्थ पर वह यात्रा कर रहे थे।
ललितपुर से आगे निकल गए थे
विवेक जैन ने बताया पुष्पक एक्सप्रेस ललितपुर स्टेशन पर रात 2.36 बजे पहुंचती है। सुबह करीब 3.45 बजे उन्होंने मुझे फोन पर बताया कि ललितपुर में उनकी नींद नहीं खुल पाई, इसलिए वह ललितपुर से आगे निकल गए हैं। मुझे लेने स्टेशन पर मत आना। आगे जहां ट्रेन रुकेगी, वहीं उतर जाएंगे। इसके बाद विवेक ने सुबह 4.27 बजे उन्हें फोन किया, लेकिन उनका फोन बंद आ रहा था। फोन निरुत्तर होने पर स्वजनों ने अपने दोस्तों, रिश्तेदारों से बात कर उनके बारे में पूछा, लेकिन कहीं पता नहीं चला।
ऐसे हुई जानकारी
भानगढ़ पुलिस ने बताया कि सोमवार सुबह करीब सात बजे रेलवे से रेल पुल के नीचे शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। इसी दौरान मुरारी जैन के परिजनों को पता चला कि भानगढ़ थानांतर्गत नरेन नदी के पुल के नीचे अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। इसके चलते उप्र भाजपा के कुछ नेताओं ने स्थानीय विधायक महेश राय से संपर्क कर मृतक के संबंध में जानकारी मांगी। तब भानगढ़ थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान मुरारी जैन के रूप में हुई है।
जांच कराने की मांग
सिविल अस्पताल पहुंचे मुरारी जैन के भतीजे विवेक ने बताया कि उनके चाचा तेज स्वभाव के थे। कोच अटेंडर ने उन्हें स्टेशन आने से पहले उठाया नहीं होगा। इसके चलते उन्होंने उसे फटकार जरूर लगाई होगी। साथ ही वह दूसरों को नियमों का पालन करने की शिक्षा देने वाले थे। वह कभी चलती ट्रेन से उतरने का प्रयास नहीं करते। इसके चलते जैन के स्वजनों ने पूरे मामले की जांच की मांग की है। थाना प्रभारी सुमित शर्मा ने जैन के स्वजनों से कहा कि यदि उन्हें कुछ संदेह है तो आवेदन दे दें। मामले की जांच कराई जाएगी।