आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में सड़क किनारे बिखरे मिले कटे-फटे नोट, PAN कार्ड भी बरामद
विशाखापट्टनम में सेंट्रल पार्क के पास 500 से 10 रुपये तक के कटे-फटे नोट सड़क किनारे बिखरे मिले, जिससे हड़कंप मच गया।
HighLights
विशाखापट्टनम में सेंट्रल पार्क के पास कटे-फटे नोट मिले।
नोटों के साथ पैन कार्ड और एलआईसी रसीद भी बरामद हुई।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच कर रही है।
डिजिटल डेस्क, विशाखापट्टनम। विशाखापट्टनम में बुधवार को सेंट्रल पार्ट के मेन गेट के पास 500 से 10 रुपये तक के कटे-फटे नोट मिलने से हड़कंप मच गया। आनन फानन में लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
ये नोट 500, 100, 50, 20 और 10 रुपये के थे और पार्क के पास सड़क किनारे एक पेड़ के पास बिखरे हुए पाए गए। खबर है कि उस जगह पर कुछ पुराने नोटों के टुकड़े भी मिले हैं।
पैन कार्ड और एलआईसी प्रीमियम की रसीद भी मिली
सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त नोटों को इकट्ठा करके जांच के लिए भेज दिया। वहां मिली चीजों में कुछ दस्तावेज भी थे, जिनमें एलआईसी प्रीमियम की रसीद और एक पैन कार्ड शामिल है। बताया जा रहा है कि ये एक महिला के हैं। नोटों के साथ इन दस्तावेजों के मिलने के कारण पुलिस अब इस घटना से जुड़े हालात की जांच कर रही है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
पुलिस आस-पास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नोट और दस्तावेज वहां कैसे पहुंचे और उन्हें वहां किसने फेंका। शुरुआती रिपोर्टों से पता चला है कि नोटों को फेंकने से पहले ही वे शायद खराब हो चुके थे। हालांकि, सेंट्रल पार्क के पास नोट और दस्तावेज किन हालात में छोड़े गए, इसकी आधिकारिक तौर पर अभी तक पुष्टि नहीं हुई है।
