यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 14, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जवानों की पिटाई वाले वीडियो मामले में सीअारपीएफ की शिकायत पर FIR दर्ज
इस मामले में सीआरपीएफ के जनरल सुदीप लखटकिया ने बताया कि हमारी शिकायत पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

श्रीनगर(एएनअाई)। सीआरपीएफ के जवानों की पिटाई वाला वीडियो सही पाया गया है। इस मामले में गुरुवार को सीआरपीएफ की शिकायत पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। वीडियो में कुछ युवक जवान को पीटते नजर आ रहे हैं। यह घटना 9 अप्रैल को श्रीनगर में हुए लोकसभा उपचुनाव के दौरान हुई थी।
इस मामले में सीआरपीएफ के जनरल सुदीप लखटकिया ने बताया कि हमारी शिकायत पर जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी। उधर, राज्य के उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने कहा कि हम दोषियों के खिलाफ कड़ी कारर्वाई करेंगे। एेसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने सीआरपीएफ के जवानों पर हमला करने वालों की पहचान कर ली है। उम्मीद है कि उनके खिलाफ जल्द ही कार्रवाई होगी।
इस पूरे प्रकरण में सीआरपीएफ के आईजी रविदीप सिंह ने श्रीनगर में बताया कि जांच के दौरान हमने वीडियो असली पाया। हमने फोर्स की इस कंपनी और उसकी लोकेशन पहचान कर ली है। उन्होंने बताया कि यह घटना बड़गाम जिले की चदूरा विधानसभा के क्रालपोरा इलाके की है। सिंह ने कहा कि हमने सभी सबूत जुटाकर अधिकारिक रूप से चदूरा पुलिस को इसकी जानकारी दे दी है।
यह भी पढ़ेंःश्रीनगर: पत्थरबाजों की बदतमीजी के बाद भी संयम बरतता रहा CRPF जवान
क्या है इस वीडियो में
यह वीडियो 9 अप्रैल को श्रीनगर में उपचुनाव का था। उस दिन दिन सीआरपीएफ के ये जवान पोलिंग ड्यूटी खत्म करके वापस बैरिक लौट रहे थे, तभी स्थानीय युवकों ने उनके साथ बदसलूकी की। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक जवान को लात मारी गई और उसका हेलमेट गिर गया। जवान ने चुपचाप हेलमेट उठाया और चलता रहा। सीआरपीएफ के डीआईजी डॉ. संजय शर्मा ने कहा कि उस वक्त जवानों के लिए ईवीएम की हिफाजत करना जरूरी था। मामले में स्थानीय युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है और सीआरपीएफ ने जम्मू कश्मीर पुलिस से कहा है कि इन युवकों को गिरफ्तार किया जाएगा।
