विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

500 पर क्यों अटक जाता है AQI का मीटर, क्या है प्रदूषण मापने का गणित? CPCB ने समझाया

Published: Wed, 11 Nov 2026 12:30 PM (IST)Updated: Wed, 11 Nov 2026 01:46 PM (IST)

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने बताया कि वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) की गणना में 999 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर ...और पढ़ें

500 पर क्यों अटक जाता है AQI का मीटर

500 पर क्यों अटक जाता है AQI का मीटर

HighLights

  1. AQI गणना में 999 µg/m³ से अधिक PM डेटा शामिल नहीं

  2. वायु गुणवत्ता सूचकांक की अधिकतम सीमा 500 निर्धारित है

  3. 2015 का डेटा-सत्यापन इंफ्रास्ट्रक्चर अब पुराना हो चुका

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने मंगलवार को माना कि मौजूदा सिस्टम के तहत 999 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर से अधिक के पार्टिकुलेट मैटर (PM) के आंकड़ों को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) की गणना में शामिल नहीं किया जाता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि निगरानी प्रणाली को मूल रूप से 0–1000 µg/m³ की सीमा के अंदर वाले सांद्रता मापने के लिए डिजाइन किया गया था।

CPCB ने यह भी बताया कि वह मौजूदा सिस्टम की समीक्षा कर रही है। इसके लिए आंतरिक विचार-विमर्श चल रहे हैं, ताकि सिस्टम की निर्धारित माप सीमा से बाहर के डेटा को प्रोसेस करने के तरीकों पर काम किया जा सके।

2015 का डेटा-सत्यापन इंफ्रास्ट्रक्चर अब पुराना हो गया

इस बीच, पर्यावरण मंत्रालय के सूत्रों ने माना कि 2015 का डेटा-सत्यापन इंफ्रास्ट्रक्चर अब पुराना हो चुका है और इसमें बदलाव की जरूरत है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ सालों में मॉनिटरिंग सिस्टम को अपग्रेड किया गया है, लेकिन डेटा सत्यापन से जुड़ी कार्यप्रणाली में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

रिपोर्ट के अनुसार 2015 में जब राष्ट्रीय वायु गुणवत्ता सूचकांक (NAQI) शुरू किया गया था, तब लगाए गए पार्टिकुलेट मैटर एनालाइजर को 0–1000 µg/m³ की माप सीमा के लिए सेट किया गया था और कार्यप्रणाली भी उसी के अनुसार बनाई गई थी। एक सूत्र ने बताया, 'हालांकि, पिछले कुछ सालों में उपकरणों को अपग्रेड किया गया है, लेकिन कार्यप्रणाली वही बनी हुई है।'

कैसे मापा जाता है प्रदूषण? 

सीपीसीबी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 11 बिंदुओं वाला बयान जारी किया। उसमें कहा, 'जब NAQI शुरू हुआ था, तब लगाए गए पार्टिकुलेट मैटर मापने वाले सिस्टम सिर्फ 0 से 1000 µg/m³ तक की सीमा के लिए सेट (कैलिब्रेट) किए गए थे। इसलिए अब भी सिस्टम में जो प्रति घंटे की रीडिंग इस सीमा से बाहर आती है, उसे ‘सीमा से बाहर’ माना जाता है और गणना में इस्तेमाल नहीं किया जाता।'

बोर्ड ने बताया कि दिवाली के दिन जब पटाखे फोड़ने की वजह से प्रदूषण बहुत बढ़ जाता है, तो कई मॉनिटरिंग स्टेशनों के आंकड़ों में कुछ घंटों का गैप दिख सकता है। ऐसे घंटों के आंकड़े उस स्टेशन के 24 घंटे के औसत में नहीं जोड़े जाते।

यह बात इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि दिल्ली के 59 स्टेशनों में से 45 स्टेशनों पर कम से कम एक प्रदूषक का घंटे-घंटे का डेटा रिकॉर्ड ही नहीं हो पाया। विशेषज्ञों का कहना है कि जब PM2.5 का स्तर लगभग 1,000 ug/m³ तक पहुंच गया, तब कई स्टेशनों में ऐसे गैप दिखे।

सूत्र ने आगे कहा, 'CPCB पर आपको जो डेटा गायब दिखता है, असल में हमारे पास वह पूरा डेटा मौजूद है। लेकिन, गणना में उस डेटा का उपयोग नहीं किया जाता है।'

8 सबसे खतरनाक प्रदूषक कौन-कौन से हैं?

NAQI के तहत, आठ प्रदूषकों PM2.5, PM10, कार्बन मोनोऑक्साइड (CO), नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (NO2), सल्फर डाइऑक्साइड (SO2), अमोनिया (NH3), ओजोन और लेड के लिए सब-इंडेक्स का उपयोग करके हर घंटे AQI तैयार किया जाता है।

किसी घंटे के लिए AQI, उस समय मौजूद प्रदूषकों में से सबसे अधिक सब-इंडेक्स के आधार पर तय किया जाता है। इसकी गणना पिछले 24 घंटों के 'रनिंग एवरेज' पर आधारित होती है। सब-इंडेक्स निकालने के लिए कम से कम 16 घंटों का डेटा होना जरूरी है।

CPCB ने बताया कि NAQI की गणना और उसे जारी करने का काम पूरी तरह से ऑटोमेटेड सिस्टम के जरिए होता है, जिसमें इंसानी दखल की जरूरत नहीं पड़ती। इसके साथ ही, 'कंटीन्यूअस एम्बिएंट एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन' (CAAQMS) पर दर्ज किए गए अलग-अलग प्रदूषकों के स्तर को भी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध कराया जाता है।

500 पर क्यों अटक जाता है AQI का मीटर?

बोर्ड ने यह भी साफ किया कि AQI की अधिकतम सीमा 500 होती है, जिसके आगे की रीडिंग 'गंभीर' श्रेणी में ही आती है। बोर्ड ने कहा, 'इस स्तर के आगे AQI 'गंभीर' श्रेणी में ही बना रहता है और इंडेक्स को और आगे बढ़ाने से भी स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव की श्रेणी में कोई बदलाव नहीं आएगा।'

(न्यूज एजेंसी ANI के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।