Covid-19: देश में नए मामलों से अधिक मरीज हो रहे स्वस्थ, बंगाल-केरल में कंट्रोल में नहीं कोरोना
देश में पिछले पांच हफ्तों से प्रतिदिन नए मामलों से अधिक कोरोना के मरीज ठीक हो रहे हैं। सक्रिय मामलों में गिरावट का रुख कायम है। गुरुवार को 1220711 नमूनों का परीक्षण किया गया। अब तक 11.54 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच की जा चुकी है।
जेएनएन, नई दिल्ली। देश में पिछले पांच हफ्तों से प्रतिदिन नए मामलों से अधिक कोरोना के मरीज ठीक हो रहे हैं। इसके परिणामस्वरूप सक्रिय मामलों में गिरावट का रुख कायम है। बीते 24 घंटों के दौरान जहां 50 हजार से कम नए केस मिले हैं, वहीं 54 हजार से अधिक मरीज ठीक हुए हैं। मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 92.32 फीसद हो गई है। सवा लाख के करीब मरीजों की अब तक इस महामारी से मौत भी हो चुकी है।
नए केस प्रतिदिन 73 हजार से घटकर 46 हजार हुए
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा, 'भारत में पिछले पांच हफ्तों से प्रतिदिन नए मामलों से अधिक संख्या में मरीज ठीक हो रहे हैं।' इस दौरान नए मामलों में भी लगातार गिरावट का रुख बना हुआ है। अक्टूबर के पहले हफ्ते में प्रतिदिन औसत 73 हजार नए मरीज सामने आ रहे थे, जो घटकर अब 46 हजार रह गए हैं।
कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा 77.65 लाख
मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक सक्रिय मामले भी लगातार घट रहे हैं। फिलहाल इनकी संख्या 5.20 लाख है, जो कुल मामलों का 6.19 फीसद है। बीते 24 घंटों के दौरान 47,638 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों की संख्या 84.11 लाख हो गई है। इस दौरान 54,157 मरीज ठीक हुए हैं और कोरोना को मात देने वालों का आंकड़ा 77.65 लाख हो गया है।
सवा लाख लोगों की महामारी के चलते जा चुकी है जान
वहीं, इस महामारी ने और 670 मरीजों की जान ले ली है। अब तक 1,24,985 लोगों की मौत इस महामारी की वजह से हो चुकी है। हालांकि, मृत्युदर में लगातार गिरावट आ रही है और मौजूदा समय में यह 1.49 फीसद है।
गुरुवार को 12.20 लाख टेस्ट
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए गुरुवार को 12,20,711 नमूनों का परीक्षण किया गया। इनको मिलाकर अब तक कुल 11.54 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच की जा चुकी है।
बंगाल-केरल में कंट्रोल में नहीं कोरोना
भारत को कोरोना के खिलाफ लड़ाई में सफलता तो मिल रही है, लेकिन बंगाल और केरल जैसे राज्यों में इसका कहर बना हुआ है। बंगाल में बीते चौबीस घंटों के दौरान रिकॉर्ड 4,283 नए मामले मिले हैं और 55 लोगों की मौत भी हुई है। राज्य में संक्रमितों और मृतकों की संख्या क्रमश: 3.54 लाख और 7,177 हो गई है। इसी तरह केरल में 7,007 नए केस मिले हैं और 27 लोगों की जान गई है। राज्य में कुल मामले और मृतक क्रमश 4.62 लाख और 1,640 हो गए हैं।
गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा में हालात नियंत्रण में
गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा में हालात लगभग नियंत्रण में हैं। इन सभी राज्यों में नए मामलों में गिरावट बनी हुई है।