Move to Jagran APP

Covid-19: देश में कोरोना से मृत्युदर डेढ़ फीसद से भी कम, केरल में नहीं थम रहा कोरोना प्रकोप

देश में कोरोना से मृत्युदर 1.5 फीसद से नीचे आ गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसका श्रेय केंद्र सरकार की परीक्षण ट्रेस ट्रैक और उपचार रणनीति को दिया है। प्रति 10 लाख आबादी पर भारत में मृत्युदर भी बहुत कम 88 है।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Sat, 31 Oct 2020 08:02 PM (IST)Updated: Sat, 31 Oct 2020 08:02 PM (IST)
देश में अब तक 74.32 लाख लोगों ने दी महामारी को मात।

जेएनएन, नई दिल्ली। भारत में शनिवार को कोरोना से मृत्युदर 1.5 फीसद से नीचे आ गई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसका श्रेय केंद्र सरकार की 'परीक्षण, ट्रेस, ट्रैक और उपचार' रणनीति को दिया है। प्रति 10 लाख आबादी पर भारत में मृत्युदर भी बहुत कम 88 है। देश के 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मृत्युदर राष्ट्रीय मृत्युदर से भी कम है। सिर्फ पांच राज्यों में 65 फीसद मौतें हुई हैं।

loksabha election banner

मृत्युदर गिरकर 1.49 फीसद पर आ गई

स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शनिवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक 1.21 लाख से अधिक मरीजों की महामारी की वजह से जान जा चुकी है। इसमें बीते 24 घंटों के दौरान 551 लोगों की मौत हुई है। मृत्युदर गिरकर 1.49 फीसद पर आ गई है।

74.32 लाख लोगों ने दी महामारी को मात

मंत्रालय के मुताबिक इस दौरान 48,268 नए केस मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 81.37 लाख हो गया है। इस अवधि में 59,484 मरीज ठीक भी हुए हैं और उनको मिलाकर अब तक 74.32 लाख लोग महामारी को मात दे चुके हैं। सक्रिय मामले संख्या 5.82 लाख रह गए हैं, जो कुल संक्रमितों का 7.16 फीसद है।

10 करोड़ से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जहो चुका

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए शुक्रवार को 10,67,976 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर 30 अक्टूबर तक कुल 10 करोड़ 87 लाख 96 हजार 094 नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

केरल में नहीं थम रहा प्रकोप

कोरोना का प्रकोप केरल में कम होता नहीं दिख रहा। देश के किसी भी राज्य की तुलना में केरल में पिछले कुछ दिनों से लगातार सबसे ज्यादा नए मामले सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को भी राज्य में सबसे ज्यादा 7,983 नए केस मिले और कुल संक्रमित 4.20 लाख हो गए। नए मामलों के मामले में महाराष्ट्र दूसरे नंबर है, जहां 5548 केस मिले हैं। हालांकि, संक्रमितों और मौतों के मामले में महाराष्ट्र सबसे आगे बना हुआ है। महाराष्ट्र में अब तक 16.48 लाख संक्रमित सामने आ चुके हैं और 43,911 लोगों की जान भी जा चुकी है।

आंध्र प्रदेश में लगातार तीन हजार से कम नए केस

आंध्र प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से तीन हजार से कम नए केस मिल रहे हैं। यहां अब तक 8.23 लाख संक्रमित मिल चुके हैं और तेलंगाना में भी 1445 नए मामलों के साथ अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की संख्या 2.38 लाख हो गई है।

उत्तर प्रदेश-ओडिशा में सुधर रहे हालात

आबादी के लिहाज से देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी नियंत्रण में आती नजर आ रही है। यहां नए मामलों की संख्या कम हुई है। बीते चौबीस घंटों के दौरान राज्य में 1,822 नए केस मिले हैं और कुल संक्रमित 4.81 लाख हो गए हैं। 21 और मौतों के साथ मृतकों की संख्या 7,025 हो गई है। ओडिशा में भी 1,470 नए केस मिले हैं और 12 मरीजों की जान गई है। यहां कुल संक्रमित 2.90 लाख हो गए हैं, जबकि अब तक 1,320 लोगों की मौत भी हुई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.