Covid-19 Vaccination : कैसे बढ़ता गया सुरक्षा का दायरा, जानें टीकाकरण में किस पायदान पर भारत
भारत ने टीकाकरण अभियान में यूरोप महाद्वीप को भी पीछे छोड़ दिया है। आइए जानें देश में कोरोना महामारी के खिलाफ कैसे बढ़ता गया सुरक्षा का दायरा और टीकाकरण के मामले में दुनिया में किस पायदान पर खड़ा है भारत...
नई दिल्ली, एजेंसियां। कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई दिनोंदिन नया मुकाम हासिल कर रही है। अब तक 79.95 करोड़ से अधिक कोविड-19 रोधी वैक्सीन की खुराकें दी जा चुकी हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश ने शुक्रवार को एक दिन में 2.50 करोड़ से अधिक कोविड रोधी टीके लगाकर कीर्तिमान बनाया। इसके साथ ही भारत ने टीकाकरण अभियान में यूरोप महाद्वीप को भी पीछे छोड़ दिया है। आइए जानें देश में कोरोना महामारी के खिलाफ कैसे बढ़ता गया सुरक्षा का दायरा और टीकाकरण के मामले में दुनिया में किस पायदान पर खड़ा है भारत...
मौजूदा स्थिति
- देश की 20 फीसद वयस्क आबादी को कोविड-19 रोधी वैक्सीन की दोनों खुराक दी जा चुकी हैं।
- यही नहीं 62 फीसद लोगों को कम से कम एक खुराक लगाई जा चुकी है।
- अभी तक जितनी वैक्सीन का इस्तेमाल हुआ है उनमें से करीब 87.8 फीसद कोविशील्ड हैं।
- देश में अभी तक करीब 12.11 फीसद टीके भारत बायोटेक के कोवैक्सीन हैं।
- अभी तक एक फीसद से भी कम स्पूतनिक-वी टीकों का इस्तेमाल हुआ है।
ऐसे हुई थी अभियान की शुरुआत
- देश में टीकाकरण की शुरुआत 16 जनवरी को हुई थी।
- पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों और फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाया गया।
- पहली मार्च से दूसरे चरण की शुरुआत हुई थी।
- दूसरे चरण में 60 से अधिक उम्र के लोगों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित 45 से 60 साल के लोगों का टीकाकरण शुरू।
- इसके बाद पहली अप्रैल से 45 से 60 साल की उम्र के सभी लोगों का टीकाकरण शुरू किया गया।
- पहली मई से 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को वैक्सीन दिए जाने के साथ व्यापक रूप से अभियान चला।
- केंद्र सरकार ने 21 जून से 18 साल से अधिक सभी को नि:शुल्क टीका लगाने का एलान कर दिया।
ऐसे बढ़ता गया टीकाकरण का दायरा
- देश में छह सितंबर, फिर 31 अगस्त और बाद में 27 अगस्त को एक करोड़ से अधिक खुराकें दी गई थीं।
- भारत सरकार को टीकाकरण के 10 करोड़ आंकड़े तक पहुंचने में 85 दिन लगे।
- इसके बाद अगले 45 दिन में 20 करोड़ डोज लगाई गई... इसके 29 दिन बाद आंकड़ा 30 करोड़ तक पहुंचा।
- भारत को 30 करोड़ से 40 करोड़ के आंकड़े तक पहुंचने में 24 दिन लगे थे।
- इसके 20 दिन बाद छह अगस्त को देश में 50 करोड़ डोज लगाए जाने का आंकड़ा पार हुआ था।
- छह अगस्त के 19 दिन बाद देश ने टीकाकरण के 60 करोड़ के आंकड़े को हासिल कर लिया था।
- इसके महज 13 दिनों बाद यानी 19 अगस्त को 60 करोड़ आंकड़े का लक्ष्य हासिल कर लिया गया।
- 13 सितंबर को 75 करोड़ लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया गया था।
दुनिया में किस पायदान पर भारत
आबादी के प्रतिशत के आधार पर टीकाकरण में दुनिया में अव्वल देश संयुक्त अरब अमीरात है। वहीं आबादी की संख्या के आधार पर टीकाकरण के मामले में भारत दूसरे स्थान पर मौजूद है। चीन में एक अरब से ज्यादा लोगों का टीकाकरण पूरा कर लिया गया है जो उसकी 1.4 अरब आबादी का करीब 72 फीसद है। आबादी की संख्या के हिसाब से सर्वाधिक टीकाकरण वाले देश में चीन पहले नंबर पर है। दूसरे स्थान पर भारत और तीसरे पायदान पर अमेरिका है।
यूरोप महाद्वीप को छोड़ा पीछे
MyGovIndia के मुताबिक टीकाकरण अभियान में भारत ने यूरोप महाद्वीप को भी पीछे छोड़ दिया है। भारत ने 78 करोड़ से अधिक डोज लगाई है जबकि यूरोप में 77.7 करोड़ डोज लगाई गई हैं। उत्तरी अमेरिका में 59.3 करोड़ तो दक्षिणी अमेरिका में 40.3 करोड़ डोज लगाई गई हैं। टीकाकरण के मामले में ओशिनिया और अफ्रीका महाद्वीप सबसे पीछे हैं। अफ्रीका में 12.9 करोड़ तो ओशिनिया में तीन करोड़ डोज ही लगाई गई हैं।